राहुल गांधी का भोपाल में रोड शो-नुक्कड़ सभा: बोले- मप्र में 150 सीटें आनी चाहिए, इससे एक भी कम नहीं

भोपाल डेस्क :
राहुल गांधी मप्र के दौरे पर हैं। सोमवार को वे हरदा-नीमच की चुनावी सभा के बाद भोपाल पहुंचे। यहां शाम में उन्होंने करीब 1 घंटे रोड शो और 2 नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। राहुल गांधी आज रात भोपाल में ही रुकेंगे।
राहुल गांधी ने भोपाल शहर के अशोका गार्डन में नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए कहा- मप्र में 150 सीटें आनी चाहिए। इससे एक भी सीट कम नहीं। उन्होंने कहा- मोदी जी कहते थे, मोबाइल की लाइट जलाओ, थाली बजाओ और कोरोना खत्म हो जाएगा। मप्र में लाखों लोगों को ऑक्सीजन नहीं मिला। दवाई नहीं मिली। ये इनकी राजनीति है।

राहुल के भाषण की 5 बड़ी बातें…
पूरा फायदा एक-दो उद्योगपतियों को देते हैं: दुनिया में किसी से भी पूछाे अडाणी कौन है? कहेंगे नरेंद्र मोदी के दोस्त हैं। पूरा का पूरा फायदा एक दो उद्योगपतियों को देते हैं। पैसा कहां से आता है। आपकी जेब से आता है। जीएसटी से आता है। जिसे अड़ाणी जी की जेब में डालते हैं। ये इनका सिस्टम है। हम इनसे लड़े हैं। कर्नाटक में लड़ें। वहां कांग्रेस पार्टी ने दिखा दिया। अब हम मध्यप्रदेश में 150 सीटें लेकर इनको दिखाने जा रहे हैं।
मप्र के घोटालों की बात नहीं करते नरेंद्र मोदी: पहली बार मैंने देखा इनका मंत्री है ताेमर नाम का। उनके बेटे का वीडियो आपने देखा है। वह किसके पैसे की बात कर रहा था। वह आपके पैसे की बात कर रहा था। 100 करोड़ इधर डालो, 10 करोड़ उधर जाएगा। देवेंद्र तोमर का वीडियो, महाकाल कोरिडार, व्यापमं घोटाला, पटवारी एग्जाम। यहां एमबीबीएस की सीटें भी बिकती हैं। मगर एक बात है नरेंद्र मोदी मध्यप्रदेश सरकार के घोटाले की कोई जांच नहीं कराते। बस आएंगे, और भाषण कर चले जाएंगे।
मोबाइल की लाइट जलाओ, थाली बजाओ: नरेंद्र मोदी ने कहा था- 15 लाख रुपए हर अकाउंट डालूंगा। उन्होंने कहा मोबाइल की लाइट जलाओ, थाली बजाओ। कोरोना खत्म हो जाएगा। भोपाल समेत मप्र में लाखों लोगों को ऑक्सीजन नहीं मिला। दवाई नहीं मिली। घोटाले हुए। लाखों लोग मध्यप्रदेश में मरे। ये हैं इनकी राजनीति।

फिर से किसानों का कर्जा माफ करेंगे: हमने मप्र की जनता से 2-3 वादे किए हैं। गैस सिलेंडर यूपीए के समय 400 रुपए का था। अब 1200 रुपए का मिलता है। हम हर महीने 1500 रुपए महिलाओं के खाते में देंगे। मप्र के किसानों का फिर से कर्जा माफ करेंगे। बिजली बिल 100 रुपए, हाफ बिल 200 यूनिट का होगा।
150 से एक सीट भी कम नहीं होनी चाहिए: यह जो सरकार है यह आपने नहीं दी। उन्होंने चोरी करके बनाई है। मैं चाहता हूं इस बार मप्र की जनता भाजपा को बता दें। कांग्रेस की 150 सीटें आनी चाहिए। एक कम नहीं होनी चाहिए।
तस्वीरों में देखिए राहुल गांधी का रोड शो
रोड शो 5:40 बजे इमामी गेट से शुरू हुआ। जो पीर गेट, मोती मस्जिद हो हुए काली मंदिर पर खत्म हुआ। इस दौरान उन्होंने चार बत्ती चौराहे पर सभा को संबोधित किया।





