MP में राहुल गांधी चुनावी सभा में बोले- तोमर के बेटे पर कार्रवाई क्यों नहीं?: हरदा में कहा- आपका पैसा चुरा रहा; मोदी ने ED, CBI क्यों नहीं लगाई

न्यूज़ डेस्क :
राहुल गांधी ने सोमवार को टिमरनी (हरदा) की चुनावी सभा में कहा, ‘तोमर का बेटा खुलेआम, बिना किसी डर के आपका पैसा चोरी कर रहा है। क्या PM मोदी ने मंत्री के बेटे पर कोई कार्रवाई की? उसके पीछे ED, CBI, IT लगाई?’ इससे पहले जावद (नीमच) में दावा करते हुए कहा, ‘मध्यप्रदेश में कांग्रेस स्वीप करने जा रही है। भारी बहुमत से हमारी सरकार आएगी।’
बता दें, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे के दो VIDEO सामने आए हैं। इनमें करोड़ों रुपए के लेनदेन की बातचीत हो रही है।

हरदा में राहुल के भाषण की बड़ी बातें…
- 50% कमीशन सरकार ने घोटालों पर इंक्वायरी नहीं की: MP में 50% कमीशन सरकार चल रही है। महाकाल कॉरिडोर में चोरी की। व्यापमं, पटवारी, MBBS सीट बिकने में कोई इंक्वायरी नहीं की। मध्यप्रदेश में भाजपा नेता आदिवासी पर पेशाब करता है।
- PM और CM ने अडाणी के लिए छोटे दुकादारों को खत्म किया: BJP की सरकारें अडाणी जैसे उद्योगपतियों के लिए चलाई जाती हैं। इसलिए PM मोदी और शिवराज सिंह चौहान ने रोजगार देने वाले छोटे दुकानदारों और व्यापारियों को खत्म कर दिया है।
- BJP ने विधायकों को पैसा देकर आपसे आपकी सरकार चुराई: हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया, तभी BJP और बड़े-बड़े उद्योगपतियों ने आपकी सरकार आपसे चोरी कर ली। विधायकों को पैसा देकर भ्रष्ट सरकार वापस ले आए। मध्यप्रदेश में चोरी की सरकार है।

नीमच में राहुल के भाषण की 3 बड़ी बातें…
PM मोदी की खोली हुईं फैक्ट्रियां किसी ने देखीं?: PM मोदी ने यहां (नीमच) आकर कहा है कि हमने मध्यप्रदेश में 500 फैक्ट्रियां खोली हैं, ये फैक्ट्रियां किसी को नजर आईं? पहले कहा था कि 15 लाख रु. बैंक अकाउंट में डाल देंगे, काले धन को मिटा देंगे। शर्म ही नहीं है।
M मोदी के मुंह से जातीय जनगणना की बात नहीं निकलती: नरेंद्र मोदी जहां भी जाते थे, वहां कहते थे कि मैं OBC हूं। जब से मैंने जातीय जनगणना की बात कही है, तब से कहने लगे हैं कि हिंदुस्तान में कोई जात नहीं है, सिर्फ गरीब हैं। मतलब देश में सिर्फ एक ही OBC है- नरेंद्र मोदी।’
तोमर और एक मंत्री में जनता का पैसा चोरी करने की रेस: बीजेपी के एक मंत्री कम नहीं। तोमर और उनमें रेस चल रही है कि कौन मध्यप्रदेश की जनता से ज्यादा पैसा चोरी करेगा। अडाणी देश के सारे एयरपोर्ट, पोर्ट, इंफ्रॉस्ट्रक्चर ले गए। अडाणी के लिए PM मोदी किसान बिल लाए थे।

राहुल से CM के सवाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ‘राहुल गांधी आज MP आ रहे हैं। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि इंडी गठबंधन (I.N.D.I.A) ने सनातन धर्म का अपमान किया, दलितों और माताओं-बहनों का अपमान किया, आप मौन रहे, क्या ये आपकी मौन स्वीकृति है? CM ने कहा, ‘वे (राहुल गांधी) ये बताएं कि उनकी पार्टी का वर्षों तक मध्यप्रदेश में शासन रहा। मध्यप्रदेश में किस OBC को मुख्यमंत्री बनाया गया?



