मध्यप्रदेश

ग्रह मंत्री अमित शाह सिरोंज में बोले- बेमिसाल MP को बेस्ट MP बनाएंगे: कांग्रेस की खुद की गारंटी नहीं; बेटे-बेटियों के लिए राजनीति करने वाले किसका भला करेंगे

न्यूज़ डेस्क :

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को MP के चुनावी दौरे पर रहे। उन्होंने विदिशा जिले के सिरोंज, चाचौड़ा, राघोगढ़ और चंदेरी के बाद दतिया में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा- बंटाढार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बनाकर छोड़ा था। भाजपा ने 18 साल में बेमिसाल मध्यप्रदेश बनाया। बेमिसाल MP को अब बेस्ट MP बनाएंगे। कांग्रेस ने पांच गारंटी दी हैं। जिनकी खुद की कोई गारंटी नहीं है, वो क्या गारंटी देंगे?

शाह ने दतिया में कहा- कांग्रेस ने कभी भी मध्यप्रदेश का भला नहीं किया। 10 साल तक केंद्र में सोनिया-मनमोहन की सरकार थी। मध्यप्रदेश के हिस्से में सिर्फ 2 लाख करोड़ आए थे। बीते 9 साल में मोदी जी की सरकार ने 6 लाख 35 हजार करोड़ रुपए दिए।

शाह बोले- जो लोग अपने बेटे-बेटियों के लिए राजनीति में हैं, वे दतिया का काम कर पाएंगे क्या.. यही दोनों पार्टियों का अंतर है। कमलनाथ मुख्यमंत्री बनते हैं तो उनका परिवार समृद्ध बनता है। यदि बीजेपी सरकार आती है तो दतिया समृद्ध बनता है।

चाचौड़ा में शाह के भाषण की 4 खास बातें

कमलनाथ जवाब नहीं दे रहे: कमलनाथ करप्शननाथ और बंटाढार दिग्विजय की जोड़ी मध्यप्रदेश का भला नहीं कर सकती। मैं 10 दिन से पूछ रहा हूं, कमलनाथ मेरे किसी सवाल का जवाब नहीं दे रहे। मैं उनसे हिसाब मांग रहा हूं।

राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा: मोदीजी ने महिलाओं को 30% आरक्षण देने का काम किया। नई संसद बनाई। धारा 370 हटाई, कश्मीर को अपना बनाया। अयोध्या में अब 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होगी।

चंद्रमा पर शिवशक्ति पॉइंट: चंद्रमा पर चंद्रयान पहुंचा तो उस पॉइंट को मोदीजी ने शिवशक्ति नाम दिया। भारत का गौरव बढ़ाया। बंटाढार और करप्शननाथ को मध्यप्रदेश की सरकार बनाने दे सकते हैं क्या?

2024 में मोदीजी को पीएम बनाना है: आप मेरे दो काम करोगे, चांचौड़ा में मीणा जी को तो आप जिताओगे ही। लेकिन 2024 में मोदीजी को भी प्रधानमंत्री बनाना है। वोट का बटन इतने गुस्से से दबाना कि बटन यहां दबे और करंट इटली में लगे।

सिरोंज में शाह के भाषण की 6 खास बातें

कमलनाथ की मनषापुराण सरकार को प्रणाम: मनमोहन सरकार और कमलनाथ के मनषापुराण सरकार को प्रणाम करता हूं। एक ओर परिवारवाद पार्टी कांग्रेस है और दूसरी ओर मोदीजी की देश को सुरक्षित करने वाली भाजपा पार्टी है।

बेटों को मुख्यमंत्री बनाना है: कमलनाथ के मन में नकुलनाथ को मुख्यमंत्री, बंटाढार को भी बेटे को मुख्यमंत्री बनाना है। सोनिया गांधी को बेटे राहुल को प्रधानमंत्री बनाना है। ये अपने बेटे-बेटी के लिए काम करने वाले देश का क्या भला करेंगे?

मैं बनिया हूं, हिसाब लाया हूं: 10 साल तक केंद्र में UPA की सरकार चली। मध्यप्रदेश को कितना रुपया दिया गया? मैं तो बनिया हूं हिसाब लेकर आया हूं। इन्होंने 2004-14 तक 2 लाख करोड़ दिया। मोदीजी ने 9 साल में 6 लाख 35 हजार करोड़ रुपए दिए।

गरीबी नहीं, गरीबों को हटाया: कांग्रेस ने गरीबी हटाओ का नारा दिया। इन्होंने गरीबी तो नहीं हटाई, लेकिन गरीबों को हटाने का काम किया। मोदीजी ने गरीब कल्याण के लिए कदम उठाए।

कमल की सरकार बना दो: मोदीजी ने 21 हजार करोड़ रुपए किसानों के अकाउंट में भेजा। कमल की सरकार बना दो। साल का 12 हजार रुपए किसानों को देंगे। मोदीजी को फिर से प्रधानमंत्री बना दो पांच साल तक मुफ्त राशन मिलेगा।

अयोध्या के दर्शन कराएंगे: भाजपा सरकार जब बनेगी बारी-बारी से सभी को अयोध्या में राम लला के दर्शन कराएंगे। हमने तय किया है कि मध्यप्रदेश में 6 एक्सप्रेस वे बनाएंगे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!