जबलपुर

MP में कांग्रेस का चुनावी शंखनाद महाकौशल से: 12 जून को प्रियंका गांधी आएंगी जबलपुर, नर्मदा पूजन के बाद जनसभा को करेंगी संबोधित

जबलपुर डेस्क :

मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में महज कुछ महीनों का समय बचा है। कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी महाकौशल से विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगी। इसके लिए वे 12 जून को जबलपुर दौरे पर आ रही हैं। कांग्रेस ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है। प्रियंका गांधी करीब साढ़े चार घंटे जबलपुर में रुकेंगी। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

प्रियंका गांधी के जबलपुर आगमन को लेकर मंगलवार को मानस भवन में कांग्रेस पदाधिकारियों की बड़ी बैठक होगी। इसमें पूर्व मंत्री तरुण भनोत, पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया, विधायक संजय यादव, विधायक विनय सक्सेना, नगर अध्यक्ष और महापौर जगत बहादुर अन्नू, ग्रामीण अध्यक्ष नीलेश जैन समेत युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

महाकौशल इसलिए है खास

दोनों ही राजनैतिक दलों के लिए महाकौशल हमेशा से ही खास रहा है। मध्यप्रदेश में अगर सरकार बनानी है, तो 38 सीटों वाला महाकौशल महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस के खाते में 38 में से 24 सीटें आई थीं, जबकि भाजपा को 13 सीटों से ही संतोष करना पड़ा था। एक सीट कांग्रेस से बागी हुए निर्दलीय ने जीती थी। इससे पहले 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को महाकौशल से 24 सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा और कांग्रेस महाकौशल के जरिए विंध्य और बुंदेलखंड को भी साधने की कोशिश में है।

प्रियंका गांधी के पहली बार महाकौशल दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित हैं। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि लोग प्रियंका गांधी को सुनना चाहते हैं। जबलपुर दौरे के दौरान प्रियंका गांधी का रोड शो भी होगा। प्रियंका गांधी की जनसभा और रोड शो में शामिल होने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है। इस दौरान शहर की ट्रेफिक व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए करीब छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

गौरीघाट पर महाआरती में शामिल होंगी प्रियंका

बताया जाता है कि प्रियंका गांधी सबसे पहले सुबह 10:30 बजे मां नर्मदा नदी के गौरीघाट जाएंगी। यहां नर्मदा पूजन कर महाआरती में शामिल होंगी। इसके बाद शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित करेंगे। नारी सम्मान योजना की औपचारिक शुरुआत करते हुए महिला मार्च के जरिए भी कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन करेंगी। हालांकि फिलहाल प्रियंका का मिनट टू मिनट कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।

कार्यक्रम में प्रियंका गांधी के अलावा राष्ट्रीय महासचिव जेपी अग्रवाल, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह राहुल उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, महिला प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अनुराग मिश्रा भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वरिष्ठ पत्रकार एवं राजनैतिक विश्लेषक चैतन्य भट्ट बताते हैं कि भाजपा ने हमेशा से ही महाकौशल की उपेक्षा की है। जबकि कांग्रेस ने महाकौशल को आगे रखा है। 2018 में 15 महीने की सरकार में मुख्यमंत्री तो महाकौशल से थे। इसके अलावा, विधानसभा अध्यक्ष, विधानसभा उपाध्यक्ष समेत मंत्री भी मिले थे। सिर्फ जबलपुर में ही दो मंत्री थे, जिसमें कि एक वित्त मंत्री थे, जबकि भाजपा ने 2018 में सिर्फ एक मंत्री दिया। यही वजह है कि भाजपा को अपने ही नेताओं का मंत्री को लेकर विरोध झेलना पड़ा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!