मध्यप्रदेश

सीधी में प्रियंका गांधी बोली- ‘वोट धर्म के नहीं, काम के आधार पर दो। नहीं तो नेता अहंकारी हो जाता है

न्यूज़ डेस्क :

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार को सीधी में कहा, ‘वोट धर्म के नहीं, काम के आधार पर दो। नहीं तो नेता अहंकारी हो जाता है। कल अगर मैंने विकास नहीं कराया, मैं वादे भूल गई तो मुझे भी सबक सिखाना। सबक सिखाना आपका दायित्व है।’

उन्होंने खाद समस्या का मुद्दा उठाते हुए कहा, ‘मध्यप्रदेश में किसानों को यूरिया देने से चुनाव आयोग ने मना कर दिया है, क्योंकि मोदी जी ने उसमें अपना फोटो चिपका दिया।’ प्रियंका तय समय 3 बजे की जगह 4.17 बजे सीधी पहुंची। देरी से आने पर उन्होंने माफी मांगी। चूंकि, उन्हें प्रचार के लिए शाम 4.30 बजे तक की ही अनुमति थी, इसीलिए सिर्फ 13 मिनट तक संबोधित किया।

इससे पहले दतिया की चुनावी सभा में कांग्रेस की महासचिव ने कहा, ‘सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। इन्होंने ग्वालियर – चंबल के लोगों से विश्वासघात किया। आपकी चुनी हुई सरकार को गिराकर आपको धोखा दिया है। आपकी पीठ में छुरा घोंपा। PM मोदी ने दुनियाभर के कायरों और गद्दारों को इकट्‌ठा कर अपनी पार्टी में ले लिया।’

चार नेताओं के लिए प्रियंका की बड़ी बातें

PM मोदी के बारे में…

‘तेरे नाम’ के सलमान की तरह रोते हैं: मोदी जी का पूछिए ही मत। उनका क्या कहना। देश के पहले ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जो परमानेंट अपनी ही पीड़ा में परेशान रहते हैं। कहते हैं कि मुझे इतनी गालियां दीं। रोते रहते हैं। जैसे ‘तेरे नाम’ में सलमान खान रोए। PM के लिए पिक्चर बना देते हैं। नाम रखेंगे ‘मेरे नाम’।

सिंधिया के बारे में…

सिंधिया कद में छोटे, अहंकार में वाह भई वाह…: हमारे सिंधिया जी कद में थोड़े छोटे पड़ गए, लेकिन अहंकार में वाह भई वाह…। हम UP में काम कर रहे थे। कार्यकर्ताओं को उन्हें महाराज-महाराज कहना पड़ता था। सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। आपकी चुनी हुई सरकार गिरा दी।

नरोत्तम के बारे में…

गृहमंत्री को कौन-क्या पहना, इसकी चिंता: गृहमंत्री (नरोत्तम मिश्रा) दिन भर पिक्चर देखते रहते हैं। कौन – क्या पहना है, इन्हें बड़ी चिंता रहती है। आपकी चिंता नहीं है। गृहमंत्री का काम कानून को लागू कराना है। ये यहां के गुंडे, माफिया की सुरक्षा और संरक्षण कर रहे हैं।

(मध्यप्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने ‘पठान’ की रिलीज से पहले कहा था, ‘फिल्म के गाने में अभिनेत्री की वेशभूषा और दृश्यों को ठीक करें, नहीं तो फिल्म को प्रदेश में अनुमति दी जाए अथवा नहीं, इस पर फैसला किया जाएगा। ‘आदिपुरुष’ और दूसरी मूवीज के लिए भी उन्होंने चेतावनी भरे बयान दिए थे।)

CM शिवराज के बारे में…

मामा एक्टिंग में अमिताभ बच्चन के कान काट लें: विश्व प्रसिद्ध महान अभिनेता शिवराज सिंह चौहान उर्फ मामा जी एक्टिंग में अमिताभ बच्चन के भी कान काट लें। लेकिन, काम की बात होती है, तो असरानी का रोल पकड़ लेते हैं।

दादी का जिक्र, BJP पर हमला, जनता को नसीहत…

हार के बाद दादी ने जनता को गलत नहीं कहा: मेरी दादी 1977 में अपनी सीट हार गई थीं। वे मायूस रहीं। एक कमरे में रहती थीं। उन्होंने यह नहीं कहा कि जनता ने गलत किया। वे कहती थीं कि मैंने कुछ ऐसा किया है, जिससे जनता नाराज है। मुझे इसे सुधारना है। वे कहा करती थीं कि जनता में सबसे ज्यादा विवेक है। यह होता है असली नेता।

BJP जनता को बेवकूफ समझती है: लाड़ली बहना योजना की घोषणा दो महीने पहले क्यों की गई? BJP घोषणाएं ये समझकर करती है कि हम जनता को बेवकूफ बना सकते हैं। साढ़े तीन साल में 21 रोजगार ही दिए। रोजगार देंगे भी कहां से? मोदी जी ने सारी बड़ी कंपनियां अपने उद्योगपति मित्रों को दे दीं।

नेताओं की आदत खराब मत करो, सुधारो: धर्म के नाम पर जो वोट लेने आता है, उसके मन में बैठ गया है कि मैं जनता के लिए एक काम नहीं करूं, लेकिन मुझे धड़ाधड़ धर्म और जाति के नाम पर वोट मिल जाएंगे। आप बच्चों को सुधारते हो, नेताओं को क्यों नहीं सुधार रहे। उनकी आदत खराब मत करो।

MP की जनता को प्रियंका की गारंटी

  • पुरानी पेंशन लागू करेंगे
  • महिलाओं के खाते में हर महीने 1500 रुपए
  • रसोई गैस सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा
  • 100 यूनिट बिजली फ्री मिलेगी। 200 यूनिट पर बिल आधा किया जाएगा
  • किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा
  • दिव्यांगों की पेंशन बढ़ाई जाएगी
  • हर महीने 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता
  • गेंहू के लिए 2600 रुपए MSP
  • पिछड़ों को 27% आरक्षण
  • जाति आधारित जनगणना कराएंगे
  • प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100% छूट
  • परिवार समेत 25 लाख तक का मुफ्त बीमा
  • 10 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा
  • सिंचाई के लिए 5 हार्स पॉवर बिजली मुफ्त
  • कक्षा 1 से 12 तक मुफ्त शिक्षा
  • कक्षा 1 से 8 तक हर महीने 500 रुपए छात्रवृत्ति
  • कक्षा 9 से 10 तक 1000 रुपए छात्रवृत्ति
  • कक्षा 11 से 12 तक 1500 रुपए की छात्रवृत्ति

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!