विधान सभा चुनाव में श्रीराम मंदिर के होडिंग्स पर राजनीति: कांग्रेस ने की शिकायत, भाजपा बोली- इन्हें प्राण प्रतिष्ठा से दिक्कत

भोपाल डेस्क :
विधानसभा चुनाव में अब अयोध्या में राम मंदिर निर्माण पर श्रेय की सियासत तेज हो गई है। भोपाल-इंदौर में कई जगहों पर भाजपा की तरफ से राम मंदिर के होर्डिंग्स लगाए गए हैं। इनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पार्टी नेताओं की तस्वीरें लगी हैं। इन होर्डिंग्स पर लिखा है- ‘भव्य राम मंदिर बनकर हो रहा तैयार, फिर इस बार भाजपा सरकार।’
कांग्रेस ने इन होर्डिंग्स की इंदौर में चुनाव आयोग से शिकायत की है। इसमें कहा है, ‘आचार संहिता के बाद भी सत्तारूढ़ भाजपा अपने होर्डिंग्स और प्रचार वाहनों से धार्मिक आधार पर कैंपेन करने में जुटी है। महाकाल लोक और राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेने के लिए बिना मंजूरी पोस्टर लगाए गए हैं।’ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश सिंह यादव ने भाजपा नेताओं पर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
कांग्रेस को अब श्रीराम मंदिर के चित्राें से भी पीड़ा होने लगी: वीडी
कांग्रेस को बैनर या होर्डिंग्स से दिक्कत नहीं है बल्कि उन्हें प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि पर मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा से दिक्कत है। कांग्रेस का सनातन से घृणा का स्तर इतना बढ़ गया है कि राम मंदिर के चित्रों से भी पीड़ा होने लगी है।
– वीडी शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष
हमने सरकार में रहते हुए राम वन गमन पथ का निर्माण किया : भनोत
भगवान राम का मंदिर आस्था और श्रद्धा का प्रतीक है। हमने तो सरकार में रहते हुए राम वन गमन पथ का निर्माण शुरू कराया। राजीव गांधी ने राम मंदिर का शिलान्यास किया था।
-तरुण भनोत, पूर्व मंत्री, कांग्रेस



