विदिशा

मकर संक्रांति मेले में पुलिस की तत्परता: लटेरी के जवान ने कुंड में डूबती युवती की बचाई जान

लटेरी डेस्क :

मकर संक्रांति मेले के दौरान लटेरी पुलिस की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता एक बार फिर देखने को मिली, जब एक पुलिस जवान ने अपनी सूझबूझ और साहस से कुंड में डूबती एक युवती की जान बचा ली। यह घटना 14 जनवरी 2026 को थाना लटेरी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़ी मदागन में आयोजित मकर संक्रांति मेले के दौरान हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु कुंड स्नान कर रहे थे। इसी दौरान पूजा अहिरवार, निवासी खलीलपुर, मुरवास स्नान करते समय अचानक फिसलकर कुंड के गहरे पानी में डूबने लगी। युवती को डूबता देख वहां अफरा-तफरी मच गई और कुछ पल के लिए स्थिति बेहद गंभीर हो गई।


घटना के समय मौके पर तैनात थाना लटेरी में पदस्थ पुलिस जवान सैनिक क्रमांक 02 राजेश सूर्यवंशी ने हालात की गंभीरता को तुरंत भांप लिया। बिना किसी देरी के उन्होंने साहस का परिचय देते हुए कुंड में छलांग लगाई और डूबती युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवान की तत्पर कार्रवाई से युवती की जान बच सकी।
घटना के बाद युवती को प्राथमिक सहायता दी गई, जिसके बाद उसकी स्थिति सामान्य बताई गई। इस साहसिक कार्य के पश्चात मेले में उपस्थित नागरिकों और श्रद्धालुओं ने पुलिस जवान की जमकर सराहना की और लटेरी पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।


उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक विदिशा  रोहित काशवानी के कुशल निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिले की पुलिस न केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने में, बल्कि जन-सुरक्षा और मानवीय कर्तव्यों के निर्वहन में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही है।
लटेरी पुलिस जवान द्वारा किया गया यह कार्य पुलिस बल की कर्तव्यनिष्ठा, सेवा भावना और जनहित के प्रति समर्पण का जीवंत उदाहरण है। ऐसे मानवीय कार्यों से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हो रही है।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!