विदिशा

मंदाग्नि आश्रम पहुँचे पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह, पूजा-अर्चना कर संत समाज से लिया आशीर्वाद, सैंकड़ों समर्थकों के साथ मनाया जन्मदिन

लटेरी डेस्क :

राजगढ़ संसदीय क्षेत्र के पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह का जन्मदिन एक बार फिर आस्था, सादगी और जनस्नेह के बीच धार्मिक एवं पर्यटक स्थल मंदाग्नि आश्रम में मनाया गया। लक्ष्मण सिंह फैन्स क्लब द्वारा आयोजित इस आयोजन में सैकड़ों की संख्या में आमजन, समर्थक एवं विभिन्न जिलों से आए जनप्रतिनिधि शामिल हुए और सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।


उल्लेखनीय है कि लक्ष्मण सिंह फैन्स क्लब पिछले दो दशकों से प्रतिवर्ष मंदाग्नि आश्रम में उनका जन्मदिन मनाता आ रहा है। इस परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी कार्यक्रम स्थल को बैनर-पोस्टरों से आकर्षक रूप से सजाया गया। मंच पर पहुँचते ही ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और पारंपरिक साफा पहनाकर लक्ष्मण सिंह का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें पुष्पहार, गुलदस्ता एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर जन्मदिवस की बधाई दी गई।
इससे पूर्व सिंह ने पवित्र कुंड के जल से आचमन कर भगवान शिव का अभिषेक किया तथा देव दर्शन किए। इसके पश्चात उन्होंने संत समाज के चरण वंदन कर शाल एवं श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजन में फैन्स क्लब के अध्यक्ष मनीष रघुवंशी, उपाध्यक्ष सतीश श्रीवास्तव सहित क्लब के सदस्यों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लक्ष्मण सिंह ने उपस्थित जनसमूह को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से उनका रिश्ता राजनीति का नहीं बल्कि दिल और अपनेपन का है। अपने चाहने वालों के बीच जन्मदिन मनाने की खुशी ही अलग होती है। आप सभी का प्रेम, स्नेह और भावनात्मक जुड़ाव मुझे बार-बार यहाँ खींच लाता है।
कार्यक्रम के अंत में लक्ष्मण सिंह द्वारा महाप्रसादी का वितरण किया गया। इस अवसर पर लेखराज सिंह बघेल, देवीसिंह बघेल, गगनेंद्र रघुवंशी, सिंधु विक्रम सिंह, अशोक त्यागी, सुरेंद्र उपाध्याय, अनीस नेताजी, नरेश सक्सेना, शैलेंद्र कौरव, मनोज जैन, अरविंद धाकड़, थानसिंह राजपूत सहित विदिशा, राजगढ़, ब्यावरा और सिरोंज से आए अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!