आनंदपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में नकली नोट चलाने वाला गिरोह सक्रिय: जावती गांव में सामने आया मामला

आनंदपुर डेस्क :
आनंदपुर के ग्रामीण अंचलों में इन दिनों नकली नोट चलाने वाले गिरोह की सक्रियता सामने आ रही है। ताजा मामला ग्राम जावती से सामने आया है, जहां एक किराना दुकान पर ₹100 का नकली नोट चलाए जाने का खुलासा हुआ है। घटना के बाद ग्रामीण व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम जावती निवासी अनिल मीना की किराना दुकान पर दो दिन पूर्व एक अज्ञात व्यक्ति सामान खरीदने आया था। उस समय दुकान पर अनिल मीना का भाई मौजूद था। आरोपी ने सामान लेकर ₹100 का नोट दिया और वहां से चला गया। अगले दिन सुबह जब दुकान की नकदी की जांच की गई तो उक्त नोट संदिग्ध प्रतीत हुआ।

अनिल मीना ने बताया कि बारीकी से जांच करने पर पता चला कि नोट नकली है। नोट में न तो महात्मा गांधी की तस्वीर दिखाई दे रही थी, न ही ₹100 अंकित, गहरे नीले रंग की पहचान रेखाएं (4-4 डंडे बाली) मौजूद थीं। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा असली नोटों में दी जाने वाली पतली सुरक्षा रेखा भी गायब थी। पुराने असली नोट से तुलना करने पर यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया कि नोट नकली है। इस संबंध में सामाजिक संगठन जन चेतना मंच के प्रदेश मीडिया प्रभारी संजीव कुशवाहा ने बताया कि अनिल मीना ने उन्हें भी इसकी जानकारी दी थी कि उसकी दुकान पर कोई अज्ञात व्यक्ति नकली नोट देकर चला गया है। संजीव कुशवाहा ने अनिल मीना को तत्काल आनंदपुर थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके और अन्य लोग भी सतर्क हो सकें।
ग्रामीणों और व्यापारियों का कहना है कि यदि ऐसे मामलों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो छोटे दुकानदारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और नकली नोट चलाने वाले गिरोह के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि लेन-देन के दौरान नोटों की सावधानीपूर्वक जांच करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



