भोपाल

कमलनाथ के बयान पर CM शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार कर कहा- उन पर उम्र हावी हो रही है: वे सोने की चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए हैं

भोपाल डेस्क :

इंदौर में दिए गए कमलनाथ के बयान पर CM शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार कर कहा- उन पर उम्र हावी हो रही है। वे सोने की चम्मच मुंह में लेकर पैदा हुए हैं। कॉर्पोरेट राजनीति करते हैं। कमलनाथ ने मंगलवार को कहा था- मैं न कोई किसान का बेटा हूं, न ही चायवाला, न राजा – महाराजा और न ही कोई कलाकार हूं, इसलिए मैं राजनीति के दांव-पेंच नहीं जानता।

पूर्व CM के इस बयान पर शिवराज ने आज भोपाल के स्मार्टपार्क में पौधारोपण के बाद कहा- पता नहीं कमलनाथ क्या-क्या बोलते हैं। मैं किसान नहीं हूं… मैं मामा नहीं हूं…। मामा तो तुम हो ही नहीं सकते। मामा वो होता है, जिसके दिल में बहन – बेटियों के लिए इज्जत होती है। हर कोई मामा थोड़ी हो सकता है।

CM ने कमलनाथ पर आगे कहा- तुम किसान हो ही नहीं सकते, क्योंकि कर्जमाफी का वादा करके मुकर गए। माटी की सौंधी सुगंध आप जानते नहीं हो। चायवाला तो कोई गरीब ही हो सकता है। सोने की चम्मच मुंह में लेकर कॉर्पोरेट राजनीति करने वाले और मौका मिलते ही प्रदेश को लूटने वाले कैसे चायवाले हो सकते हैं।

कमलनाथ के विधायकों पर बयान पर कहा…
कमलनाथ ने अपने बयान में कहा है- विधायकों की कोई कीमत नहीं होती, वे आएं या जाएं। इस पर CM ने कहा- मुझे कमलनाथ पर तरस आता है। उम्र हावी हो रही है। वे कहते हैं कि मुझे विधायकों की जरूरत नहीं। कांग्रेस ये जानती है कि मुख्यमंत्री विधायक ही चुनते हैं। शायद पहले भी कहते थे तो लोग निकल आए। अब अभी से कह रहे हैं कि मुझे जरूरत नहीं हैं। खुद को कहलवाते हैं भावी और अवश्यंभावी CM और कहते हैं कि विधायकों की जरूरत ही नहीं है। ये उनका अहंकार बोल रहा है।

कांग्रेस बना रही झूठ पत्र
CM शिवराज ने कहा- कांग्रेस झूठ पत्र बनाने की बैठक लगातार कर रही है। कमलनाथ जी आते – जाते कम हैं, लेकिन कमरे में बैठकें खूब करते हैं। कांग्रेस की रीति सदा चली आई, वचन जाए पर दंभ न जाई। पिछले वचन पूरे किए नहीं। कमलनाथ और कांग्रेस नए वचनों पर उतारु है। पिछड़ा वर्ग के छात्रों को शिक्षा के लिए आय सीमा 10 लाख तक बढ़ाई जाएगी। ये वचन पूरा क्यों नहीं किया?

लाडली बहना के 54 लाख से ज्यादा रजिस्ट्रेशन
CM ने लाडली बहना पर जानकारी देते हुए कहा कि अब तक 54 लाख 17 हजार 429 रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। पेसा नियम पर बोले- 268 ग्राम सभाओं ने पेसा नियम के तहत खुद तेंदूपत्ता तोड़ने, सुखाने और बेचने का फैसला किया है। आज ब्यौहारी में हिरवार माइक्रो सूक्ष्म सिंचाई परियोजना शामिल है। 444 करोड़ 29 लाख के लोकार्पण शिलान्यास होंगे। आत्मनिर्भर मप्र में बहनों के परिश्रम से 45 प्रतिशत स्टार्टअप बेटियां चला रही हैं। फूड एग्रीकल्चर, हेल्थ इन्फ्रा सहित सभी क्षेत्रों में बेटियों की सहभागिता बढ़ रही है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!