मध्यप्रदेश की राजनीति में अब ‘बाप की एंट्री’: CM शिवराज का तंज; न लेना-न देना, कुछ भी बोलो, अपने बाप का क्या जाता है नाथ बोले; ऐसी भाषा निंदनीय है

भोपाल डेस्क :
मप्र में अब ‘बाप पर सियासत’ शुरू हो गई है। गुरुवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की स्कूली बच्चों को 500 से 1500 रुपए हर माह देने की घोषणा पर सीएम शिवराज ने तंज कसा कि न लेना और न देना। कुछ भी बोलो, अपने बाप का क्या जाता है। इस पर नाथ ने कहा- शहीद स्व. राजीव गांधी के बारे में ऐसी भाषा निंदनीय है।
शिवराज का तंज… न लेना-न देना, कुछ भी बोलो, अपने बाप का क्या जाता है
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने शुक्रवार को कहा कि जिस गांधी परिवार ने पूरे देश को ठगा, उसे कमलनाथ ठग रहे हैं। 2018 में कमलनाथ ने राहुल गांधी से झूठे वचन दिलवाए और 2023 में प्रियंका गांधी से झूठी गारंटियां दिलवा रहे हैं। मंडला में प्रियंका गांधी ने बिना पढ़े ही पढ़ो-पढ़ाओ की घोषणा कर दी। कांग्रेस पूरी तरह से कंफ्यूज है। मैंने वह वीडियो देखा, प्रियंका कई घोषणाएं करके बैठ गईं फिर कांग्रेस नेता उठे और बोले, एक और करो। उन्हें पता ही नहीं, क्या घोषणा करना है।
कांग्रेस नेताओं के द्वारा उन्हें घोषणाएं पढ़ाई ही नहीं गईं। उन्होंने प्रियंका, कमलनाथ और सुरजेवाला के बीच मंच पर हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं ने लिखकर दिया, हर साल स्कूली बच्चों को रुपए देंगे, लेकिन प्रियंका से कहा कि वे हर महीने पढ़ें।
लिखते कुछ हैं और पढ़ने को कुछ और कहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कमलनाथ ने बच्चों का लैपटॉप और साइकिल बंद कर दी थी। मेधावी योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया। लगातार राहुल और प्रियंका से झूठ बुलवाया जा रहा है। यह पब्लिक है, कांग्रेस का सच जानती है। देर शाम शिवराज ने ट्वीट करके फिर कहा, प्रियंका जी, मैं ध्यान भटका नहीं रहा, बल्कि ध्यान दिला रहा हूं। आपसे जो लोग ये घोषणाएं करा रहे हैं, उनका ट्रैक रिकॉर्ड खराब है।
नाथ ने कहा- प्रियंका के शहीद पिता के बारे में यह भाषा अमर्यादित है
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सीएम को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी ही सरकार और पार्टी के द्वारा हाशिए पर डाल दिए जाने के बाद से आप असंतुलित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। नाथ ने कहा कि आप जिन प्रियंका जी के पिता के बारे में इस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं, वे भारतरत्न स्वर्गीय राजीव गांधी मातृभूमि के लिए शहीद हुए थे।
प्रियंका जी की दादी इंदिरा गांधी ने देश की एकता-अखंडता के लिए अपना लहू भारत माता को समर्पित किया था। आपकी झूठ-फरेब की राजनीति आपको मुबारक। मुझे और पूरे हिंदुस्तान को गांधी परिवार पर गर्व है। क्योंकि गांधी देश के लिए जीना और मरना जानते हैं। एक बात और कि कांग्रेस झूठी घोषणा नहीं करती। हम तो उसी सनातन वाक्य पर चलते हैं कि प्राण जाए पर वचन न जाए।
कांग्रेस में तानाशाही नहीं कि अपने नेताओं का नाम न लें : प्रियंका
प्रियंका ने कहा कि हम शिक्षा और बच्चों की बात कर रहे हैं, मगर पब्लिक का ध्यान भटकाने वाले लोगों को कुछ और समझ में आ रहा है। शिवराज जी, अच्छे लोगों का यही कायदा है कि बड़ों का आदर करते हैं। कांग्रेस में तानाशाही नहीं है कि जहां अपने ही नेताओं का नाम न लिया जाए, बात न सुनी जाए। असल मुद्दा ये है कि हम बच्चों की छात्रवृत्ति की बात कर रहे हैं।



