विदिशा

यूरिया के लिए लंबी कतार में किसान: तपती धूप में स्टेट गोदाम पर घंटों करना पड़ रहा इंतजार, गोदाम प्रभारी ने झाड़ा पल्ला

सिरोंज डेस्क :

सिरोंज में खरीफ फसल की कटाई के बाद क्षेत्र के किसान रबी की फसल की तैयारियों में जुट गए हैं। ऐसे में किसानों को यूरिया खाद की आवश्यकता पड़ रही है। मध्यप्रदेश विपणन संघ के वेयरहाउस पर किसानों के लिए खाद तो पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, लेकिन किसानों की सुविधा के लिए खाद वितरण करने की कोई उचित व्यवस्था नहीं है।

वेयरहाउस पर खाद लेने किसानों की लंबी कतार देखने को मिल रही है। तपती धूप में किसान जमीन पर बैठकर अपनी बारी आने का इंतजार कर रहे हैं। पानी तक पीने की व्यवस्था नहीं की गई है। वेयरहाउस पर किसानों के लिए बैठने की व्यवस्था नहीं है।

पामाखेड़ी के किसान मेंहदी लाल ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद खाद मिल पा रहा है। किसानों के लिए प्रशासन ने कोई सुविधा नहीं की है। पाटन निवासी भगवत सिंह बताते हैं कि वो सुबह 9 बजे से लाइन में लगे हुए हैं, लेकिन 3 घंटे बीतने के बाद भी उनको खाद नहीं मिली है।

कुछ किसानों ने शिकायत करते हुए कहा कि दबंग लोग दादागिरी करके खाद ले जा रहे हैं और हम घंटों से लाइन में खड़े हैं। उधर गोदाम प्रभारी ने कहा कि गोदाम खुला है और माल बंट रहा है। सब ठीक चल रहा है। किसानों के पानी पीने के लिए नल लगा है। अब एक आदमी है तो काउंटर भी एक ही चलेगा ना। इस मामले की खबर थाने तक पहुंची तो 2 पुलिस के जवानों ने पहुंचकर किसानों की लाइन लगाकर व्यवस्था बनाने का प्रयास किया। लेकिन चुभती धूप में किसानों के लिए लाइन में घंटों खड़े रहना काफी मुश्किल हो रहा है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!