विदिशा

गीत-कविता और संकल्प के साथ मनाया गया राष्ट्रीय बालिका दिवस: जावती में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा

आनंदपुर डेस्क :

शासकीय हाई स्कूल जावती में राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शनिवार को जागरूकता और प्रेरणा से भरपूर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में तात्कालिक भाषण प्रतियोगिता, गीत एवं कविता पाठ का आयोजन हुआ, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी अभिव्यक्ति और प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधि मुकेश ताम्रकार ने छात्राओं को बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान, बालिका शिक्षा का महत्व, लाड़ली लक्ष्मी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, बाल विवाह रोकथाम तथा चाइल्ड हेल्पलाइन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का सही लाभ लेकर बालिकाएं आत्मनिर्भर बन सकती हैं और समाज में सकारात्मक बदलाव की वाहक बन सकती हैं।

विद्यालय के प्राचार्य गजराज सिंह मीना ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज की बेटियां शिक्षा, खेल, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं जनपद सदस्य हीरालाल कुर्मी ने शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया।

कार्यक्रम में सामाजिक संगठन जन चेतना मंच के वरिष्ठ कार्यकर्ता अंकित कुशवाहा ने सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग पर चिंता जताई। उन्होंने छात्राओं को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि निजी फोटो व वीडियो अनजान वेबसाइटों या प्लेटफॉर्म पर साझा करने से बचना चाहिए। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे अपना अधिकतम समय शिक्षा और अध्ययन में लगाएं, ताकि भविष्य में वे न केवल अपने माता-पिता बल्कि अपने ससुराल पक्ष का भी नाम रोशन कर सकें।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी सुपरवाइजर भगवती बाई पंथी, सरपंच दिमान सिंह कुशवाहा, शिक्षकगण, सेक्टर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन बालिका सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!