महाराणा प्रताप जयंती समारोह: राजपूत समाज के लोगों ने एक घंटे तक जाम रखा, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले- शिवराज ने घोषणाएं करने में कभी कंजूसी नहीं की
भोपाल डेस्क :
भोपाल के एमपी नगर चौराहे को राजपूत समाज के लोगों ने एक घंटे तक जाम रखा। दरअसल, यहां लगी महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण करना था। क्रेन नहीं आने पर समाज ने नगर निगम का विरोध जताया। एक घंटे बाद क्रेन आने पर दोपहर 12 बजे माल्यार्पण हो सका। भोपाल के लाल परेड ग्राउंड के पास मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में सोमवार को महाराणा प्रताप जयंती समारोह पर बिग इवेंट है। प्रदेशभर से समाज के लोग जुटे हैं।
अपडेट्स
- दोपहर 1 बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम शुरू हुआ। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा, CM शिवराज ने घोषणाएं करने में कभी कंजूसी नहीं की। लेकिन, इतिहास इस बात का भी साक्षी है कि बाकी जो मुख्यमंत्री हुए और घोषणा करते थे, उसमें से 10% पर अमल हुआ। शिवराज ने 100 घोषणाएं की, तो 95% पर अमल हुआ।
- दोपहर 12.15 बजे मनुआभान टेकरी पर महारानी पद्मावती की 15 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण हुआ। CM शिवराज सिंह चौहान ने कहा, आज एक संकल्प पूरा हुआ है।
विरोध के चलते कार्यक्रम काफी अहम
इसी साल 8 जनवरी को राजपूत करणी सेना ने जंबूरी मैदान पर बड़ा प्रदर्शन किया था। मांगें पूरी नहीं होने पर वे जंबूरी मैदान के पास ही धरने पर बैठ गए थे। राजपूतों की मांगों को लेकर मनाने में पूरी सरकार जुटी रही। आश्वासन के बाद राजपूत वहां से हटे। इसके बाद सरकार ने समाज के लोगों को साधने की कोशिशें भी की। CM हाउस में एक कार्यक्रम हो चुका है।



