भोपाल में कमलनाथ ने शिवराज को बधाई दी, मध्य प्रदेश में CM को लेकर काउंटडाउन शुरू: दिल्ली में शाह-नड्डा से मिले प्रह्लाद पटेल

भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद भाजपा में मुख्यमंत्री के चयन को लेकर भोपाल से लेकर दिल्ली तक हलचल तेज हो गई है। भाजपा के सभी केंद्रीय पदाधिकारी और मंत्री दिल्ली पहुंच गए हैं। सोमवार रात तक भाजपा संसदीय दल की बैठक हो सकती है। इसमें मुख्यमंत्री का नाम फाइनल किया जा सकता है।
इससे पहले नरसिंहपुर सीट से नवनिर्वाचित विधायक और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल ने दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय भी सोमवार सुबह दिल्ली रवाना हुए। खबर है कि वे भी बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिले हैं।

मुख्यमंत्री चयन को लेकर भाजपा जल्द ही पर्यवेक्षकों की नियुक्ति कर सकती है। ये पर्यवेक्षक मध्यप्रदेश के विधायक दल की बैठक लेकर विधायक दल के नेता का चयन करेंगे। इसी बैठक के बाद तय हो जाएगा कि MP का मुख्यमंत्री कौन होगा।
मौजूदा सीएम शिवराज सिंह चौहान सहित आधा दर्जन नेता सीएम पद के दावेदार हैं। एमपी से विधानसभा का चुनाव जीते नरेंद्र सिंह तोमर और प्रहलाद पटेल भी सीएम की रेस में हैं। ज्योतिरादित्य सिंधिया, कैलाश विजयवर्गीय और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा भी मुख्यमंत्री पद के दावेदार हैं।

CM हाउस में बधाई देने वालों का आना-जाना
मुख्यमंत्री निवास में सोमवार को भी बधाई देने वालों का आना-जाना जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने CM हाउस पहुंचकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी। बेटे नकुलनाथ भी साथ रहे। सोमवार को मंत्री भूपेंद्र सिंह और विश्वास सारंग भी CM हाउस पहुंचे। भाजपा के प्रदेश कार्यालय में भी हलचल है।
उधर, कांग्रेस कार्यालय में खामोशी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ अपने बंगले में हार पर मंथन कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं अभी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मिला और उन्हें बधाई दी। जब मैं मुख्यमंत्री बना था तो वे भी मुझे बधाई देने आए थे। मैंने उन्हें आश्वस्त किया कि हम विरोधी दल रहेंगे, लेकिन प्रदेश हित में जो भी कर सकते हैं वो करेंगे।’



