250 CCTV कैमरों की पड़ताल, 100 पुलिसकर्मियों की घेराबंदी; 5 लाख की डकैती का पर्दाफाश, पांच आरोपी गिरफ्तार

लटेरी डेस्क :
विदिशा जिले की लटेरी पुलिस ने महज कुछ दिनों में 5 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 5 लाख रुपये नकद, चार मोटरसाइकिलें सहित करीब 8 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले के खुलासे में 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच, 200 से अधिक लोगों से पूछताछ और 100 सदस्यीय पुलिस टीम के सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन ने अहम भूमिका निभाई।
जानकारी के अनुसार ग्राम नयानगर निवासी लक्ष्मण सिंह बंजारा ने 31 मई को थाना लटेरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी

कि 30 मई की रात बड़ी मदागन के आगे जंगल क्षेत्र में मधुसूदनगढ़-लटेरी मार्ग पर अज्ञात बदमाशों ने उनके और साथी मेहरवान सिंह के साथ मारपीट कर 5 लाख रुपये नकद, दो मोटरसाइकिल, मोबाइल, पर्स और डीजल से भरी कैन लूट ली थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान “360 डिग्री दृष्टि अभियान” के तहत घटनास्थल से लेकर संभावित मार्गों तक लगे 250 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और मैदानी सूचनाओं के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

एसडीओपी लटेरी अमरेश बोहरे और एसडीओपी सिरोंज सोनू डाबर के नेतृत्व में करीब 100 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने रायपुरा के जंगलों में सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया। लगातार दबिश और घेराबंदी के बाद पुलिस ने रायपुरा निवासी पहलवान भील (18), बनवारी भील (35), नीलेश भील (19), समंदर भील (19) और हेमराज भील (22) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों से लूटी गई पूरी 5 लाख रुपये की नकदी, दो लूटी गई और दो घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिलें, जला हुआ मोबाइल, पर्स, डीजल कैन एवं अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित वारदातों में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच भय का माहौल बना है, वहीं आमजन का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हुआ है।



