भोपाल

राजधानी भोपाल में युवक के गले में पट्‌टा बांधकर घसीटा, भौंकने को कहा: पीड़ित बोला- मियां भाई बनने को तैयार, आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

भोपाल डेस्क :

भोपाल से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें एक युवक को गले में पट्‌टा बांधकर घसीटते हुए दिखाया गया है। वह सड़क पर घुटनों के बल बैठा है। वीडियो में दिख रहा एक अन्य शख्स पट्‌टा पकड़े हुए है। वह युवक को कुत्ता बनकर भौंकने के लिए कह रहा है।

VIDEO में पीड़ित युवक कह रहा है- मैं मियां भाई भी बनने के लिए तैयार हूं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर 6 आरोपियों के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

गृह मंत्री ने पुलिस कमिश्नर को दिए निर्देश

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने मामले पर पुलिस कमिश्नर हरिनारायणचारी मिश्र से 24 घंटे में रिपोर्ट मांगी है।

गृह मंत्री मिश्रा ने कहा, ‘मैंने VIDEO देखा है। मुझे यह बहुत गंभीर किस्म का लगा। किसी भी मानव के साथ इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए। मैंने भोपाल पुलिस कमिश्नर को तत्काल ये निर्देश दिए हैं कि इसकी जांच करके सत्यता पर जाएं और कानूनी कार्रवाई करें।’

क्या है VIDEO में..
VIDEO में पीड़ित घुटनों के बल बैठा हुआ है। गले में पट्‌टा (बेल्ट) बंधा है। एक आरोपी बेल्ट खींचकर उसका गला कसते हुए कहता है- ‘कुत्ता बन, बोल भाई सॉरी…।’

युवक कहता है- ‘साहिल भाई मेरे बाप हैं, मेरे भाई के बड़े भाई हैं।’

आरोपी कहता है- ‘बोल, फैजान भाई मेरे भी पापा हैं।’

युवक कहता है- ‘फैजान भाई मेरे भाई हैं। मेरी मां, उनकी भी मां है। उनकी मां, मेरी मां हैं।’

इतने में एक अन्य आरोपी कहता है- ‘ये कैसी हरकतें कर रहा तू…, मैंने तेरा क्या किया था।’

युवक जवाब में कहता है- ‘साहिल भाई, अपनी मां की कसम मैंने आपसे सॉरी बोल तो दिया है स्टोरी पर, देखो न…।’

बेल्ट पकड़े आरोपी कहता है- ‘कुत्ते की तरह भौंक।’

पीड़ित उनसे कहता है- ‘मैंने कुछ नहीं किया, आपके दोस्तों ने कराया है सब।’

पीड़ित किसी शाहरुख का नाम लेते हुए कहता है- ‘उसके कहने पर ऐसा करा। वही डराता है, अपनी मां की कसम। मियां भाई बनने के लिए तैयार हूं।’

मामला टीला जमालपुरा इलाके का बताया जा रहा
VIDEO भोपाल के टीला जमालपुरा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, पुराने भोपाल में विजय नाम के युवक के साथ बिलाल टीला, फैजान लाला, साहिल बच्चा, मोहम्मद समीर टीला, मुफीद खान ने मारपीट की है। उन्होंने ही यह वीडियो भी बनाया है।

टीला जमालपुरा थाने के TI राजकिशोर मिश्रा का कहना है, ‘हमें इस तरह का VIDEO मिला है। हम पीड़ित की तलाश कर रहे हैं। उसके सामने आते ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।’

विधायक शर्मा बोले- MP में कानून व्यवस्था ध्वस्त

भोपाल दक्षिण-पश्चिम सीट से कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा- MP में बड़बोली सरकार है। बड़ी-बड़ी और लंबी-लंबी बात करती है कि गुंडों का सफाया कर दिया है MP से, लेकिन माफिया का हौसला बुलंद है। ये अति है। MP में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। BJP सरकार के पास ऐसी घटनाओं का कोई समाधान नहीं है।

रामेश्वर शर्मा ने कहा- धार्मिक दृष्टि से भी जांच होनी चाहिए
भोपाल की हुजूर सीट से BJP विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- मामले की धार्मिक दृष्टि से भी जांच होनी चाहिए। कहीं हिंदू बेटे-बेटियों को सताने की कोई गैंग तो नहीं बन गई। ये गैंग नशे का जाल तो नहीं बिछा रही, इसकी भी जांच की जानी चाहिए। पीड़ित परिवार से मेरी बात हुई है।

पुलिस हिरासत में युवक की बेरहमी से पिटाई की जांच के भी आदेश
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने निवाड़ी मामले में भी जांच के आदेश दिए हैं। जिले के टेहरका थाने के पुलिसकर्मियों पर आरोप है कि उन्होंने ग्वावली गांव के ऋषि ठाकुर को भंडारे से उठाकर मारपीट की।

इस मामले में गृह मंत्री ने कहा, ‘यह VIDEO भी देखा है। एक हेड कॉन्स्टेबल और 2 कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच कर दिया गया। जांच के आदेश दे दिए गए हैं।’

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!