न्यूज़ डेस्क

सैन फ्रैंसिस्को में राहुल बोले- BJP और RSS के लोग भारत की विविधता के लिए खतरा: कहा- मोदीजी भगवान को भी दुनिया चलाना सिखा देंगे, भगवान सोचेंगे- ये क्या बना दिया

न्यूज़ डेस्क :

6 दिन के अमेरिका दौरे पर गए कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को सैन फ्रैंसिस्को में भारतीयों के बीच स्पीच दी। 40 मिनट की स्पीच में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर उन्होंने बयान दिया कि वो भगवान को भी दुनिया चलाना सिखा देंगे, भगवान भी चौंक जाएंगे कि ये मैंने क्या बना दिया।

राहुल मंगलवार शाम को अमेरिका पहुंचे। सैन फ्रैंसिस्को एयरपोर्ट पर राहुल का स्वागत इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा और IOC के अन्य सदस्यों ने किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राहुल को इमिग्रेशन क्लियरेंस के लिए एयरपोर्ट पर 2 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस दौरान जब लोगों ने उनसे पूछा कि वह लाइन में क्यों खड़े हैं तो उन्होंने कहा, “मैं अब आम आदमी हूं, मैं अब सांसद नहीं हूं।” इस पर कांग्रेस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

राहुल ने कहा- BJP और RSS के लोग भारत की विविधता के लिए खतरा

राहुल गांधी ने 7 टॉपिक्स पर भारतीयों से बात की…

1. भारत जोड़ो यात्रा
राहुल गांधी ने कहा, “मैंने कन्याकुमारी से कश्मीर तक पैदल मार्च शुरू किया। यात्रा के दौरान हम जान रहे थे कि राजनीति में किन चीजों का इस्तेमाल होता है। इस तरह की बातचीत और पब्लिक मीटिंग काम नहीं आ रही थीं। सभी चीजें, जिनकी हमें राजनीति में जरूरत थी, उन्हें भाजपा और संघ ने कंट्रोल कर रखा था। लोगों को डराया जा रहा था, एजेंसी का इस्तेमाल किया जा रहा था। हमें राजनीति करने में मुश्किल आ रही थी। ऐसे में हमने श्रीनगर तक यात्रा का फैसला किया।”

2. पुरानी घुटने की चोट
उन्होंने कहा, “जब हमने शुरुआत की, मुझे लगा कि देखेंगे क्या होता है। 5-6 दिन बाद लगा कि 4000 किमी की यात्रा आसान नहीं है। पुरानी घुटने की चोट भी उभर आई। मुझे चलने में बहुत दर्द होने लगा। अचानक कुछ बहुत चौंकाने वाला हुआ। मुझे अहसास हुआ कि 25 किमी यात्रा के बाद मुझे थकान नहीं महसूस होती थी। 6 बजे सुबह हम उठते थे और शाम 7-8 तक चलते थे और मुझे कोई थकान नहीं होती थी।”

3. नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान
राहुल बोले, “भारत जोड़ो के दौरान मुझे अहसास हुआ कि देश में क्या चल रहा है। मैं नहीं चल रहा था, भारत मेरे साथ चल रहा था। सभी धर्मों और समुदायों के लोग आ रहे थे, बच्चे आ रहे थे। ऐसा प्यार का महौल बन रहा था कि किसी को थकान नहीं हो रही थी। सब एक-दूसरे की मदद कर रहे थे। इसके बाद हमें आइडिया आया कि ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ खोली जाए।

4. कांग्रेस पार्टी
उन्होंने कहा, “कांग्रेस के बारे में दिलचस्प बात यह है कि हम सबको प्यार करते हैं। कोई हमसे कुछ कहने आता है तो हम उसे सुनते हैं। हम आक्रामक नहीं होते, हम गुस्सा नहीं होते हैं। हम उन्हें प्यार करते हैं और यही हमारा किरदार है। यात्रा के दौरान एक अलग तरह की ऊर्जा आनी शुरू हो गई। सरकार के पास जितनी भी ताकत थी, उन्होंने यात्रा को रोकने में लगा दी। पुलिस का इस्तेमाल किया, कुछ काम नहीं आया। यात्रा का प्रभाव बढ़ता जा रहा था। ऐसा इसलिए हुआ, क्योंकि आपने हमारी मदद की।’

5. जिन्हें सब कुछ जानने का भ्रम, वो देश चला रहे
राहुल गांधी ने कहा, “दुनिया इतनी बड़ी है कि कोई यह नहीं कह सकता कि वह सब कुछ जानता है। यह एक बीमारी है कि कुछ लोगों का ग्रुप है, जो यह मानते हैं कि उन्हें सब कुछ पता है। उन्हें लगता है कि वह भगवान से भी ज्यादा जानते हैं। वह भगवान के साथ बैठकर उन्हें बता सकते हैं कि क्या चल रहा है। और साहब हमारे प्रधानमंत्री ऐसा ही एक उदाहरण हैं। मुझे लगता है कि अगर मोदीजी को भगवान के बगल बैठा दिया जाए तो वह भगवान को बताना शुरू कर देंगे कि दुनिया कैसे चलती है। भगवान भी चकित हो जाएंगे कि ये मैंने क्या बना दिया।

भारत में कुछ लोग सब कुछ जानते हैं। वह वैज्ञानिकों को विज्ञान सिखा सकते हैं। इतिहासकारों को हिस्ट्री सिखा सकते हैं। आर्मी को जंग लड़ना और एयरफोर्स को उड़ना सिखा सकते हैं। और असल बात यह है कि उन्हें कुछ भी समझ नहीं है। जिंदगी में आप कुछ भी नहीं सीख सकते हैं, जब तक आप सुनने की आदत नहीं डालते हैं।”

6. भारतीय जनता पार्टी
वो बोले, “भारत कभी भी किसी भी विचार को दरकिनार नहीं करता है। जो भी भारत आता है, उसका खुले दिल से स्वागत किया जाता है और उसके विचारों को हम आत्मसात करते हैं। इसी भारत का आप प्रतिनिधित्व करते हैं। अगर आप गुस्से, घृणा और घमंड में भरोसा करते हैं तो आपको भाजपा की मीटिंग में बैठना चाहिए। और मैं मन की बात कर रहा होता।”

7. अमेरिका में भारतीय समाज
राहुल गांधी ने कहा, “उनकी संस्कृति और परंपरा का सम्मान करना और उनसे सीखने का शुक्रिया। आप सभी हमारे ऐंबैस्डर हैं। अमेरिका जब कहता है कि भारतीय इंटेलिजेंट हैं, सम्मान के योग्य हैं तो यह आपके व्यवहार के चलते है। मैं यहां 16 घंटे की उड़ान के बाद पहुंचा हूं। सुबह 6:30 बजे आया और मुझे लगा कि थोड़ी थकान होगी। लेकिन आपकी ऊर्जा को देखने के बाद अब मुझे कोई थकान नहीं है।”

सैन फ्रैंसिस्को में स्पीच के बाद राहुल ने सवालों के जवाब दिए…

सवाल: महिला सशक्तिकरण संगठन की मेंबर चांसी रेड्डी ने पूछा- महिलाओं ने इस प्रोग्राम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। महिलाओं के लिए रिजर्वेशन बिल सालों से चर्चा का विषय रहा है। अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो इस पर क्या कदम उठाएगी?
राहुल: हम सरकार बनते ही बिल जरूर पास करेंगे। पिछली सरकार में कुछ दल हमारे साथ नहीं थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।

सवाल: फुगल अन्भू ने पूछा- तमिल लोगों के बीच में भाईचारे का रिश्ता होता है। हम हर इंसान को बराबर मानते हैं। भारत में अलग-अलग धर्म, जाति और संस्कृति के लोग रहते हैं। राहुल जी आपने अमेरिका में पढ़ाई की है। यहां हर स्टेट का अपना संविधान है। मेरा सवाल है कि आप भारत को यूनाइटेड स्टेट ऑफ भारत बनाने के बारे में क्या सोचते हैं?

राहुल: हमारे संविधान में कहा गया है कि हर धर्म, जाति और संस्कृति के लोग बराबर हैं। इनकी रक्षा की जानी है। BJP और RSS के लोग भारत की विविधता के लिए खतरा हैं। मेरे लिए तमिल भाषा सिर्फ भाषा नहीं बल्कि तमिल लोगों की पूरी संस्कृति है। मैं तमिल भाषा पर कभी खतरा नहीं आने दूंगा, क्योंकि इससे भारत की सभ्यता को नुकसान पहुंचेगा। किसी भी भाषा को खतरा भारत की एकता को खतरा है। हमारी ताकत विविधता में हैं और इस बात में है कि अलग होने के बाद भी हम साथ मिलकर काम करते हैं।

सवाल: गणपति ने पूछा- भारत में फासिज्म बड़ा मुद्दा है, ऐसे में इकोनॉमी और विकास के मामले में आप हर वर्ग के लोगों को कैसे कवर करेंगे?
राहुल: हमारे देश में अलग-अलग जाति और धर्म के लोग रहते हैं। बिना उन्हें जाने उनके बारे में सही पॉलिसी बनाना मुमकिन नहीं है। कांग्रेस लगातार BJP पर जाति जनगणना के लिए दबाव बना रही है। अलग-अलग सरकारी योजनाओं के जरिए ही हम सब लोगों का उद्धार कर सकते हैं। भारत में असली मुद्दे महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा का अधिकार हैं। BJP लोगों को इससे भटकाने की कोशिश कर रही है।

सवाल: मुस्लिम समुदाय के मोहम्मद खान ने पूछा- आपने नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोली है। भारत में मुस्लिमों की सुरक्षा को खतरा है। उनके खिलाफ कई कानून बनाए जा रहे हैं। मुस्लिम बच्चों को उन आरोपों में जेल में डाला जा रहा है जो उन्होंने किया भी नहीं। आप इस पर क्या कहेंगे?
राहुल: मुस्लिम समुदाय और सभी माइनॉरिटियों के बीच आज भारत में भेदभाव हो रहा है। कुछ लोगों के पास देश का पूरा पैसा है और अल्पसंख्यक गरीबी में धंसता जा रहा है। लेकिन आप नफरत को नफरत से नहीं काट सकते। भारतीय लोग नफरत में विश्वास नहीं रखते हैं। कुछ लोगों ने सिस्टम और मीडिया पर कब्जा कर रखा है। वे ये मानसिकता फैला रहे हैं। मैंने कश्मीर से कन्याकुमारी तक की यात्रा की है। भारत के आम नागरिकों की ऐसी मानसिकता नहीं है। हम इस भेदभाव का मिलकर सामना करेंगे और प्यार से इसे जीतेंगे।

सवाल: UC बर्कर्ले यूनिवर्सिटी की स्टूडेंट ने पूछा- विदेश में पढ़ रहे भारतीय छात्र वापस जाकर भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। लेकिन आज वहां पहलवानों की जैसी हालत है उसे देखकर हम वापस नहीं जा पा रहे हैं। ऐसे में आप हमारे लिए क्या करेंगे?
जवाब: भारत वो नहीं है जो आज मीडिया दिखाता है। वो सिर्फ देश में नफरत को उजागर करते हैं, लेकिन कश्मीर से कन्याकुमारी तक के सभी लोगों में बहुत प्यार है। ऐसे में आपको जरूर वापस जाकर देश का नाम रौशन करना चाहिए। आप सभी लोग विदेश में भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। आपको उन भावनाओं को आगे लेकर जाना है, जिससे हम BJP को हरा सकें।

अमेरिकी सांसदों से मुलाकात करेंगे राहुल गांधी
राहुल का यह दौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका की यात्रा से ठीक 23 दिन पहले हो रहा है। PM मोदी 21 से 23 जून तक अमेरिका जाएंगे, यहां राष्ट्रपति जो बाइडेन उनके लिए स्टेट डिनर होस्ट करने वाले हैं। वहीं, अमेरिका की यात्रा में राहुल गांधी कैलिफोर्निया की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में भाषण देंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल अमेरिकी सांसदों से मुलाकात भी करेंगे। वो भारत में प्रेस की आजादी पर लेक्चर भी देंगे।

अमेरिका में राहुल गांधी शेड्यूल

  • वॉशिंगटन डीसी में, राहुल गांधी सांसदों और थिंक टैंकों के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे।
  • भारतीय-अमेरिकी उद्यमी फ्रैंक इस्लाम और दूसरे नेताओं और कांग्रेसियों के डिनर में भी शामिल होंगे।
  • राहुल गांधी सिलिकॉन वैली में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर भी बातचीत करेंगे।
  • स्टैंफोर्ड विश्वविद्यालय में भी भाषण देंगे और वहां मौजूद भारतीय मूल के लोगों से मुलाकात करेंगे।
  • न्यूयॉर्क में हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में बैठक करेंगे। 4 जून को राहुल गांधी IOC (इंडियन ओवरसीज कांग्रेस) US द्वारा आयोजित न्यूयॉर्क में जेविट्स सेंटर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!