देवास में रेप के आरोपी को हाथ-पैर बांधकर पीटा: पुलिस छुड़ाकर ले गई तो नाराज लोगों ने थाना घेरा, तोड़फोड़ की
न्यूज़ डेस्क :
मध्यप्रदेश के देवास में रेप के आरोपी को लोगों ने जमकर पीटा। आरोपी महिला को धमकाकर उसके साथ रेप कर रहा था, तभी वहां पहुंचे लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध कर उसे पीटा। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को छुड़ाकर थाने ले आई। गुस्साए लोगों ने थाने पहुंचकर हंगामा और तोड़फोड़ कर दी। वे आरोपी को उन्हें सौंपने की मांग कर रहे थे।
मामला जिले के हरण गांव थाना क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 7 बजे का है। इसका वीडियो गुरुवार को सामने आया है। यहां गांव में एक खेत में बने मकान में आरोपी युवक अभिषेक मीणा एक महिला के साथ गलत काम कर रहा था। इसी दौरान लोगों ने उसे पकड़कर रस्सी से खंभे पर बांध दिया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बनाया।
भीड़ ने थाने को घेरा, तोड़फोड़ की
पुलिस रात करीब 8 बजे आरोपी युवक को हरणगांव थाने लेकर आई थी। गुस्साए लोग भी थाने पहुंच गए। यहां से पुलिस आराेपी को खातेगांव ले जाने लगी। तभी भीड़ में से कुछ लोगों ने थाने परिसर में हंगामा करते हुए बल्ब तोड़ दिए। थाने के गेट को भी नुकसान पहुंचाया। भीड़ आरोपी को उन्हें सौंपने की मांग कर रही थी। पुलिस ने जैसे-तैसे मामले को संभाला।
आरोपी ने भी चार लोगों पर कराई FIR
टीआई अरविंद भदौरिया ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी अभिषेक मीणा के खिलाफ दुष्कर्म सहित SC/ST एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। वहीं आरोपी ने अर्जुन निवासी कांकड़कुई, शिवकुमार निवासी कांकड़कुई, विपिन निवासी हरणगांव, पवन निवासी हरणगांव के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने का केस दर्ज कराया है।
थाने में प्रदर्शन करने पर 8 पर FIR
एएसपी कन्नौद सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि तीन अलग-अलग केस दर्ज हुए हैं। 8 आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही हैं।



