भोपाल

चंद्रयान-3: चांद पर सफल लैंडिंग, जश्न में शहर… तिरंगे लेकर निकले लोग स्कूलों में 10 हजार बच्चों ने देखा लाइव टेलीकास्ट

भोपाल डेस्क :

चंद्रयान तीन की सफलता का जश्न पूरे शहर में उत्साह के साथ मनाया गया। शाम को स्कूलों में बुलाई गई विशेष सभा में मौजूद बच्चों में गजब का उत्साह था। प्रमुख कार्यक्रम शिवाजी नगर स्थित सुभाष एक्सीलेंस स्कूल में आयोजित हुआ। चंद्रयान 3 का लैंडर जब चंद्रमा से 500 मीटर दूर था, तब बच्चों ने भारत माता का जयकारा लगाया।

फिर लैंडर जब चंद्रमा से 200 मीटर दूर था, तब उत्साहित बच्चों ने हम होंगे कामयाब गीत गया। फिर सॉफ्ट लैंडिंग होते ही स्कूली बच्चे और उनके टीचर्स झूम उठे। डीईओ अंजनी कुमार त्रिपाठी ने बताया कि भोपाल के सरकारी स्कूलों के 10,000 विद्यार्थियों ने एक साथ लाइव टेलीकास्ट देखा। कई स्कूलों ने रिकॉर्डिंग कर ली है जिसे गुरुवार को स्कूलों में दिखाया जाएगा।

भारत माता चौराहे पर भी युवाओं ने मिठाई बांटी और जश्न मनाया। मंत्रालय, विंध्याचल, सतपुड़ा भवन के कर्मचारियों ने सतपुड़ा के सामने खुशी का इजहार किया। संत हिरदाराम नगर में भी लोगों ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया। गुरुनानक मंडल व शहर की कई संस्थाओं के लोगों ने शहीद गेट पर भारत माता के जयकारे लगाते हुए जश्न मनाया। अनेक युवा सिर पर तिरंगा पगड़ी लगाए हुए थे।

खुशियों को लगे चार चांद

बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर जैसे ही चंद्रयान-3 के लैंडर ने चांद पर कदम रखा, पूरे शहर का उल्लास आसमां पर पहुंच गया। घरों, बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग खुशी से झूम उठे। ढोल-ताशे और आतिशबाजी के बीच तिरंगे लहराते हुए भारत माता की जय… हिंदुस्तान जिंदाबाद… के नारे लगाए गए। बाजारों और कॉलोनियों में मिठाइयां बांटी गई। शहर में विभिन्न स्कूलों में 10,000 विद्यार्थियों ने एक साथ लाइव टेलीकास्ट देखा।

न्यू मार्केट में बंटी मिठाई… 

न्यू मार्केट व्यापारी महासंघ के नेतृत्व में व्यापारियों ने आतिशबाजी की और मिठाई बांटी। आईसेक्ट के सिद्धार्थ चतुर्वेदी, सेज ग्रुप के संजीव अग्रवाल, एलएनसीटी ग्रुप के अनुपम चौकसे, जेएलयू के अभिषेक मोहन गुप्त और मधुबन हाइट्स के सौरभ यादव ने भी अपने-अपने संस्थानों में जश्न मनाया।

चंद्रयान 3 की टीम में भोपाल के नितिन भी 

बुधवार को चंद्रयान-3 की चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग के मिशन का कनेक्शन भोपाल से भी जुड़ा है। ई 7 अरेरा कॉलोनी में पले-बढ़े नितिन भारद्वाज इसरो में साइंटिस्ट इंजीनियर-एसएफ (लेवल 13) के पद पर कार्यरत हैं। इस मिशन में नितिन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

धा​र्मिक स्थलों पर भी दिखा उत्साह…

अरदास, मंत्र जाप और हवन-पूजन भी

  • मंत्र जाप, आतिशबाजी: ओम शिव शक्ति सेवा मंडल के सदस्यों ने इंद्रपुरी स्थित तुरत महादेव मंदिर में चंद्रयान 3 की सफल लैंडिंग के कुछ समय पहले से भोलेनाथ के समक्ष ओम नमः शिवाय मंत्र का जाप किया गया गया। चंद्रयान उतरने के बाद पूजा-आरती और आतिशबाजी की गई। यहां लगे स्क्रीन पर लोगों ने चंद्रयान की लाइव लैंडिंग देखी।
  • लक्ष्मी नारायण मंदिर में यज्ञ: साहू समाज के घोड़ा नक्कास स्थित साहू समाज के लक्ष्मीनारायण मंदिर में चंद्रयान की सफलता की प्रार्थना के लिए यज्ञ किया गया।
  • दीप जलाए: गायत्री शक्ति पीठ एमपी नगर व प्रज्ञा शक्ति पीठ भेल में चंद्रयान की सफलता की कामना के साथ यज्ञ किया गया। शाम को दीप जलाए गए।
  • रूद्राभिषेक: मां वैष्णो धाम आदर्श नव दुर्गा मंदिर टीटी नगर में 11 ब्राह्मणों द्वारा गणेश संकट स्त्रोत एवं रुद्राभिषेक किया गया।
  • गुरुद्वारा में अरदास: हमीदिया रोड नानकसर गुरुद्वारा में गुरुग्रंथ साहिब के समक्ष अरदास की गई। सभी ने शुकराना किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!