मध्यप्रदेश

मोहन कैबिनेट का महत्वपूर्ण निर्णय: लाड़ली बहनों को 450 में मिलता रहेगा सिलेंडर: आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का 2 लाख का बीमा, दिव्यांगता पर मिलेंगे 1 लाख

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश में 40 लाख लाड़ली बहनों को 450 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर मिलता रहेगा। इससे ऊपर की राशि की भरपाई राज्य सरकार करेगी। यह निर्णय मंगलवार को भोपाल में हुई कैबिनेट की बैठक में लिया गया। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ देने का निर्णय भी लिया गया।

कैबिनेट की बैठक के बाद नगरीय विकास और आ‌वास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने बताया कि प्रदेश में 97 हजार 300 आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। दोनों बीमा योजनाओं का प्रीमियम राज्य सरकार भरेगी।

बैठक में ये फैसले भी हुए

  • सभी जिलों में आयुष के माध्यम से मरीजों को लाभ दिलाने के सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
  • पीएम ग्रामीण सड़क योजना के तहत अधूरी परियोजनाओं को पूरा किया जाएगा। केंद्र सरकार 2024 के पहले की सड़कों के लिए राशि दे रही थी। अब राज्य सरकार इसे पूरा करेगी।

ग्वालियर में 28 को होगा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव ​​​​​​

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बताया कि ग्वालियर में 28 अगस्त को रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव होगा। सभी जिलों में निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार काम किया जाएगा। परंपरागत उद्योग और व्यापार-व्यवसाय में लगे लोगों को भी अपनी गतिविधियों के विस्तार के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैठक से पहले यह बात कही।

पिछले साल रक्षाबंधन पर शिवराज ने दिया था 450 में सिलेंडर

बता दें कि पिछले साल चुनाव से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कि लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर गैस सिलेंडर 450 रुपए में दिया था। उन्होंने 4 जुलाई से लेकर 31 अगस्त तक गैस सिलेंडर रिफिल कराने वाली लाड़ली बहनों को अनुदान राशि खातों में दी थी।

कैबिनेट में ये निर्णय भी हुए…

22 जिलों के आयुष चिकित्सालयों में 213 नए पद

आलीराजपुर, आगर-मालवा, रीवा, अनूपपुर, ग्वालियर, अशोकनगर, भिंड, कटनी, उमरिया, बैतूल, भोपाल, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, धार, मुरैना, सतना, शहडोल, सिंगरौली, उज्जैन, सागर और निवाड़ी के एलोपैथी चिकित्सालय में 213 नए पद भरे जाएंगे। इसके लिए 19 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए।

जीवन ज्योति बीमा योजना में 436 रुपए प्रीमियम राशि

प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना में 18 से 50 साल तक की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी सहायिका के लिए 436 रुपए प्रति हितग्राही वार्षिक प्रीमियम जमा होगा। इसके बाद किसी कारण से मृत्यु की दशा में 2 लाख रुपए का जीवन जोखिम कवर मिलेगा।

सुरक्षा बीमा के लिए 20 रुपए प्रीमियम राशि

प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY) 18-59 साल की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी सहायिका को 20 रुपए प्रति हितग्राही वार्षिक प्रीमियम जमा होगा। दुर्घटना में मृत्यु या स्थाई पूर्ण अपंगता की स्थिति में 2 लाख रुपए जबकि आंशिक लेकिन स्थाई अपंगता की स्थिति में 1 लाख रुपए दिए जाने का प्रावधान किया गया है।

बैंक काटेंगे प्रीमियम राशि, केंद्र और राज्य सरकारें करेंगी भरपाई

दोनों बीमा योजनाओं का क्रियान्वयन आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी सहायिका के मानदेय जमा किए जाने वाले बैंक खाते से संबंधित बैंक शाखा द्वारा किया जाएगा। इसके अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, मिनी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी सहायिका की सहमति से बैंक खाते से बीमा योजना के प्रीमियम की राशि काटी जाएगी। इसकी भरपाई केंद्र सरकार और राज्य सरकार करेंगी। केंद्र 60 प्रतिशत, तो राज्य सरकार 40 प्रतिशत भरपाई करेगी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!