न्यूज़ डेस्क

गृहमंत्री अमित शाह का बालाघाट दौरा रद्द: खराब मौसम के चलते आधे रास्ते से रायपुर लौटा हेलिकॉप्टर

न्यूज़ डेस्क :

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बालाघाट दौरा रद्द हो गया है। उनका हेलिकॉप्टर रायपुर से बालाघाट के लिए उड़ा था, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर आधे रास्ते से ही वापस लौट गया। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ये जानकारी दी है। बता दें कि बालाघाट में दोपहर बाद अचानक मौसम बदल गया। बादल घिर आए। यहां बूंदाबांदी हो रही है।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का गुरुवार को बालाघाट का दौरा प्रस्तावित था। वे यहां रोड शो के बाद जनसभा करने वाले थे। साथ ही वीरांगना रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर निकाली जा रही गौरव यात्रा का शुभारंभ भी करने वाले थे। हालांकि अब सीएम शिवराज सिंह चौहान इस कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहे हैं।

ये था अमित शाह का प्रस्तावित दौरा

अमित शाह का करीब 2 घंटे तक बालाघाट में रहने का कार्यक्रम था। करीब 15 मिनट तक रोड शो के बाद वे जनसभा को संबोधित करने वाले थे। सभा के बाद शाह का 5.25 बजे सिद्ध प्राचीन हनुमान मंदिर जाने का प्रोग्राम था। इसके बाद शाम 6 बजे हेलिकॉप्टर से नागपुर के लिए रवाना होने वाले थे।

नक्सल प्रभावित इलाका इसलिए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा

अमित शाह के दौरे के मद्देनजर पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए है। बालाघाट एसपी समीर सौरभ ने बताया कि यह नक्सल प्रभावित जिला है। हमने हाल ही में नक्सलियों के खिलाफ कई बड़ी कार्रवाइयां की हैं। इसको ध्यान में रखते हुए पूरा प्रशासन और पुलिस महकमा खास तौर पर अलर्ट है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। ड्रोन से नजर रखी जा रही है। सामान्य सर्चिंग सप्ताहभर पहले से शुरू कर दी गई थी। आयोजन स्थल से लेकर रोड शो के मार्ग तक 8 जिलों का पुलिस बल तैनात रहेगा। करीब एक हजार जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

गौरव यात्रा के समापन कार्यक्रम में शरीक होंगे मोदी

केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते बालाघाट से शहडोल तक गौरव यात्रा के प्रभारी होंगे। आदिवासी पारंपरिक नृत्‍य और सांस्‍कृतिक प्रस्‍तुति से यात्रा की शुरुआत होगी। इस यात्रा का पहला पड़ाव बैहर होगा। यहां रात में रानी दुर्गावती की वीर गाथाओं पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्‍तुत किए जाएंगे।

बैहर में रात्रि विश्राम के बाद गौरव यात्रा 23 जून को सुबह 9 बजे गढ़ी के लिए निकलेगी। गढ़ी से मंडला जिले के बिछिया होते हुए 27 जून को यह यात्रा शहडोल पहुंचेगी। यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बतौर मुख्य अतिथि इस यात्रा का समापन करेंगे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!