भोपाल

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर राजनाथ सिंह को 15 साल पुराना वादा याद दिलाया: शिवराज आपको भी मामू बना रहे

भोपाल डेस्क :

राजगढ़ में 15 जून को शिवराज सरकार किसान कल्याण महाकुंभ का आयोजन करेगी। इस कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के 2900 करोड़ रुपए के दावों का भुगतान और किसानों के ऋण की ब्याज माफी को सिंगल क्लिक के जरिए उनके खातों में ट्रांसफर करेंगे। राजनाथ के दौरे के पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर उन्हें 15 साल पुराना वादा याद दिलाया है।

दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर लिखा- राजनाथ सिंह का राजगढ़ में हार्दिक स्वागत। आपको 2008 के विधानसभा चुनाव में आपके द्वारा किसानों का कर्जा माफ करने का वादा याद दिलाना चाहता हूं। 2008 में आपके वादे अनुसार भाजपा की सरकार चुनी गई। 2013 में फिर भाजपा की सरकार बनी, लेकिन भाजपा ने किसानों का कर्ज माफ नहीं किया। अब आप 15 साल बाद केवल किसानों का ब्याज माफ करने आ रहे हैं, जबकि 2018-19 में कमलनाथ के नेतृत्व में 27 लाख किसानों का 11,500 करोड़ रुपए का कर्ज माफ किया था। यह भाजपा की सरकार ने विधानसभा में स्वीकार किया था। हमें शक है शिवराज सिंह चौहान आपको भी मामू बना रहे हैं। सावधान रहिए।

कृषि मंत्री बोले- कांग्रेस और कमलनाथ ने किया अन्याय

कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा, कांग्रेसी और कमलनाथ ने किसानों के साथ अन्याय किया। इन्होंने बीमा का एक रुपया 15 महीने में नहीं दिया। स्केल ऑफ फाइनेंस 75 प्रतिशत कर दिया, उसकी वजह से 2000 करोड़ का नुकसान हुआ। शिवराज जब मुख्यमंत्री बने तो 1 सप्ताह के अंदर 722 करोड़ रुपए का प्रीमियम जमा किया। उतना पैसा दूसरे दिन चीन सरकार ने दिया, जिससे आठ हजार करोड़ किसानों को बीमा दिया जो कमलनाथ ने 15 महीने में 1 रुपया नहीं दिया था। अगर कमलनाथ की सरकार नहीं आती तो किसानों को 10 हजार करोड़ रुपए का बीमा मिलता, क्योंकि इन्होंने स्केल ऑफ फाइनेंस 75% कर दिया था, जिससे 2000 करोड़ का नुकसान हुआ। कमलनाथ ने किसानों के साथ धोखा और अन्याय किया है। 2 लाख तक का कर्जा माफ करने का वादा किया था और बाद में 1000-500 माफ कर दिए, जिससे किसान कर्ज में डूब गया, उसे शिवराज सिंह चौहान की सरकार भरने जा रही है।

सीएम बोले- किसानों की जिंदगी बदल जाएगी

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने राजगढ़ में होने वाले किसान कल्याण महाकुंभ की तैयारियों को लेकर अफसरों के साथ बैठक की। सीएम ने कहा कि मप्र सरकार द्वारा किसानों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। राजगढ़ जिले में लोकार्पित हो रही मोहनपुरा-कुंडालिया सिंचाई प्रणाली से क्षेत्र के किसानों की जिंदगी बदल जाएगी।

किसानों के खातों में ट्रांसफर करेंगे राशि

महाकुंभ में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना की लगभग 1400 करोड़ और किसानों के ऋण ब्याज माफी की 2200 करोड़ रुपए की राशि सिंगल क्लिक से ट्रांसफर की जाएगी। इसके साथ ही प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में 2900 करोड़ रुपए के दावों के भुगतान का भी ट्रांसफर किया जाएगा।

मोहनपुरा-कुंडालिया प्रेशराइड पाइप सिंचाई प्रणाली का लोकार्पण किया जाएगा। जल जीवन मिशन की गोरखपुरा परियोजना के 156 गांवों में जल-प्रदाय योजना का शुभारंभ करने के साथ ही जिले के 40 करोड़ रुपए लागत के कार्यों का ई-लोकार्पण और भूमि-पूजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना के लाभार्थियों को अधिकार-पत्र वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की हितग्राही बहनें भी महाकुंभ में शामिल होंगी। राजगढ़ सहित गुना, भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, उज्जैन, देवास, शाजापुर और आगर-मालवा के किसान भी शामिल होंगे। प्रदेश के किसान, महाकुंभ से वर्चुअली जुड़ेंगे। सभी जिलों में समिति स्तर पर भी कार्यक्रम किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!