मध्यप्रदेश

इंदौर में पहली बार संपत्ति कर में प्रति वर्गफीट 3-7 रु. की बढ़ोतरी, 2% ग्रीन टैक्स भी

नई गाड़ी पर दोगुना पार्किंग शुल्क, 6 लाख की गाड़ी पर 3 हजार रु. टैक्स

इंदौर डेस्क :

12 सौ रुपए सालाना जलकर में बढ़े सभी 2.88 लाख घरेलू उपभोक्ता पर

निगम का इस बार का बजट, बजट कम और टैक्स बढ़ोतरी की घोषणाएं ज्यादा है। हर तरह के टैक्स में बढ़ोतरी की गई है। पहली बार संपत्तिकर पर दो फीसदी का ग्रीन टैक्स लगाया गया है। जलकर में सीधे 100 रुपए की वृदि्ध​ की गई है तो नई गाड़ी खरीदने पर लगने वाला पार्किंग शुल्क भी दोगुना कर ​दिया गया है।

विपक्ष के भारी हंगामे के बीच महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वर्ष 2024-25 के लिए मंगलवार को आठ हजार 302 करोड़ की आय और 8 हजार 232 करोड़ के व्यय का बजट पेश किया। बजट में शहर की 108 कॉलोनियों का रेट जोन बदला गया है, जिससे इन इलाकों में टैक्स की मार और ज्यादा होगी। शहर में चल रहे हॉस्टलों पर संपत्तिकर 10 रुपए प्रति वर्ग फीट तक बढ़ाया गया है। घरेलू उपभोक्ताओं को आधा इंची नल कनेक्शन पर 300 रुपए प्रतिमाह देना होंगे। व्यवसायिक उपभोक्ताओं को आधा इंच से लेकर छह इंच के कनेक्शन पर एक हजार से 2.41 लाख तक देना होंगे।

बजट भाषण में महापौर ने कहा कि शहर के भविष्य के लिए हमें करों में वृद्धि करना पड़ रही है। आवासीय संपत्ति पर 3 रु. प्रति वर्ग फीट व व्यावसायिक संस्थानों पर अधिकतम 7 रु. प्रति वर्ग फीट तक बढ़ाए हैं।

महापौर : निगम को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कड़े फैसले जरूरी, विपक्ष : पहले भ्रष्टाचार का हिसाब दो

सभापति ने पांच मिनट दिए, पूरे होते ही बाहर निकला विपक्ष विपक्ष ने 100 करोड़ के ड्रेनेज घोटाले में अफसरों पर कार्रवाई की मांग को लेकर सम्मेलन में काफी हंगामा किया। वे तख्ती लेकर परिषद हॉल में जाने लगे तो बाउंसरों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस बात को लेकर विवाद भी हुआ। सभापति मुन्नालाल यादव ने कहा कि पांच मिनट बोल लीजिए। इसके बाद भी नहीं सुनेंगे तो निष्कासित कर देंगे। विपक्षी पार्षद खुद ही पांच मिनट बाद बाहर बैठ गए। टैक्स बढ़ाए जाने के विरोध में बाहर कांग्रेस पार्षद धरने पर बैठ गए। सम्मेलन में सभी एमआईसी सदस्य, पार्षद एवं निगमायुक्त शिवम वर्मा मौजूद थे। बुधवार को बजट पर चर्चा होगी।

हर वार्ड की एक कॉलोनी होगी पूरी तरह सोलर कॉलोनी

  • सिटी बस में कामकाजी महिलाओं को 75% व कोचिंग के विद्यार्थियों को 25% डिस्काउंट देंगे। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की 75% छूट जारी रहेगी।
  • बिलावली तालाब को पीपीपी मॉडल पर विकसित करेंगे। टेंडर 2-3 दिन में होंगे। लिंबोदी, सिरपुर सहित 3 तालाबों का विकास निगम खुद करेगा।
  • जलकर के पुराने बकायादारों को 50 फीसदी की छूट मिलेगी।
  • हर वार्ड की एक काॅलोनी को 100 प्रतिशत सोलर बेस्ड करेंगे। 5 उद्यानों में भी सोलर सिस्टम लगाएंगे। 300 बैकलेन संवारेंगे। 30 बस्तियों को ग्रीन करेंगे।
  • इसी साल नर्मदा के चौथे चरण का काम शुरू होगा। 27 नई टंकियां बनाएंगे। इस पर 1800 करोड़ खर्च होंगे। 5 इलाकों में आधुनिक पार्किंग बनेगी।
  • स्ट्रीट लाइट का डिजिटाइजेशन कर स्काडा सिस्टम से जोड़ेंगे।
  • चार्जिंग सेंटरों पर एक वर्ष तक ई-रिक्शा को मुफ्त चार्जिंग सुविधा दी जाएगी। 85 उन्नत उद्यानों को सेविंग्स लाइट्स से सुसज्जित किया जाएगा।

सीधी बात – पुष्यमित्र भागर्व, महापौर, इंदौर

इतने टैक्स बढ़ाए-बजट जनता को ध्यान में रखकर बनाया या निगम को?
आत्मनिर्भर निगम और इंदौर के समग्र विकास को ध्यान में रखकर निर्णय लिए हैं।

एकसाथ इतने टैक्स क्यों लादे?
15 सालों से टैक्स नहीं बढ़ा है। वर्ष 2014 में 29 नए गांव जुड़े, शहर बढ़ रहा है। विकास के लिए जरूरी था।
ग्रीन टैक्स पौधारोपण की वसूली है?
नहीं, बहुत ही न्यूनतम राशि के रूप में संपत्तिकर का दाे फीसदी है। इससे बगीचों को सुधारेंगे, उनका रखरखाव होगा।
जनता के लिए क्या करेंगे?
सड़कों का पैचवर्क कर रहे हें। नई सड़कें, मास्टर प्लान की सड़कें इसी साल पूरी होंगी। बिलावली को पीपीपी माॅडल पर दे रहे हैं। सिरपुर, लिंबोदी का जीर्णोद्धार करेंगे। 30 बस्तियों को ग्रीन स्लम बनाएंगे।
टैक्स जमा करना ही मुश्किल है?
जनवरी में नया पोर्टल लांच कर देंगे। एक आईडी, एक टैक्स पर काम कर रहे हैं। अगले वर्ष से लोगों को अलग-अलग टैक्स जमा कराने की झंझट से मुक्ति मिलेगी।
विपक्ष के बिना बजट प्रस्तुत हुआ?
जनता के मुद्दों पर बात के बजाय वे सदन की कार्रवाई रोकने में लगे थे। सभापति की चेतावनी के बाद नियम से कार्रवाई हुई।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!