भोपाल

भोपाल में पहली बार पंडित धीरेंद्र शास्त्री सुनाएंगे हनुमान कथा: दिव्य दरबार भी लगाएंगे

निकाली जाएगी शोभायात्रा

भोपाल डेस्क :

बागेश्वर धाम सरकार पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भोपाल में हनुमान कथा सुनाएंगे। 15 सितंबर से कथा शुरू होगी, जोकि 17 सितंबर तक चलेगी। 16 सितंबर को पंडित शास्त्री का दिव्य दरबार भी लगेगा, जबकि 14 सितंबर को शोभायात्रा निकलेगी। कथा में देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। तैयारियां भी उसी हिसाब से की जा रही है।

धीरेंद्र शास्त्री की भोपाल में पहली बार बड़े स्तर पर कथा हो रही है। इसका आयोजन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग कर रहे हैं। करोंद के पीपुल्स मॉल के पीछे स्थित ग्राउंड में ये कथा होगी। यहां पर बड़े पंडाल भी लगेंगे। ताकि, श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसी मैदान में जून महीने में कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा शिव महापुराण कथा सुना चुके हैं। इस आयोजन में देशभर से लाखों श्रद्धालु आए थे।

करोंद के पीपुल्स मॉल के पीछे बन रहा पंडाल
आयोजक चिकित्सा शिक्षा मंत्री सारंग ने बताया कि 15 से 17 सितंबर के बीच धीरेंद्र शास्त्री की हनुमान कथा का आयोजन होगा। रोज शाम 4 बजे से कथा होगी। खाने-पीने, सुविधा घर और ट्रैफिक समेत सभी तरह की व्यवस्थाओं पर फोकस किया जा रहा है। 16 सितंबर को सुबह 11 बजे से दिव्य दरबार भी लगेगा।

कथा से पहले निकलेगी शोभायात्रा
कथा से पहले 14 सितंबर को दोपहर 3 बजे से अन्ना चौराहे से शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शामिल रहेंगे। शोभायात्रा अन्ना नगर, कैलाश नगर, रचनानगर, ओल्ड सुभाष नगर, पंजाबी बाग, परिहार चौराहा, अशोक विहार, महामाई बाग, स्टेशन, चांदबड़, सेमरा मंडी, सुभाष कॉलोनी, सम्राट कॉलोनी, विवेकानंद पार्क अशोका गार्डन समेत कई इलाकों से गुजरेगी। 300 से अधिक सामाजिक संगठन शोभायात्रा का स्वागत करेंगे।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री छतरपुर के है रहने वाले

पंडित धीरेंद्र शास्त्री का जन्म 4 जुलाई 1996 को मध्यप्रदेश के छतरपुर के गढ़ा गांव में हुआ था। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव में ही पूरी की। वर्तमान में वह बागेश्वर धाम सरकार के प्रमुख हैं। पंडित धीरेंद्र शास्त्री हर साल गरीब और बेसहारा लड़कियों की सामूहिक शादी का कार्यक्रम भी आयोजित करवाते हैं। 25 जनवरी 2023 को धमकी मिलने के बाद मध्य प्रदेश सरकार ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री की सुरक्षा भी बढ़ा दी थी।

पंडित शास्त्री के ये 2 बयान पढ़िए, जो सुर्खियों में रहे…

1- पिछले साल अप्रैल में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का एक वीडियो आया था। इसमें वे भक्तों से कह रहे थे कि तुम अभी नहीं जागे, तो यह तुम्हें अपने गांव में भी भोगना पड़ेगा। इसलिए मेरी अपील है कि सभी हिंदू एक हो जाओ और पत्थर फेंकने वालों के घर बुलडोजर चलवाओ। कुछ दिन बाद हम भी बुलडोजर खरीदने वाले हैं।’

2- इस साल अप्रैल में भी धीरेंद्र शास्त्री का एक बयान सामने आया था। इसमें उन्होंने कथा के दौरान राजा सहस्त्रबाहुजी को बलात्कारी और राक्षस बताया था। उन्होंने कहा था कि हैहयवंश को खत्म करने के लिए ही भगवान परशुराम ने फरसा उठाया था। इस वंश का राजा बड़ा ही क्रूर था। वह न केवल साधुओं पर अत्याचार करता था, बल्कि महिलाओं के साथ भी बलात्कार जैसा कुकर्म करता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!