भोपाल

भोपाल के पार्क में लगे 3 पिंजरों में 13 दिन बाद भी सियार नहीं फंसे हैं

भोपाल डेस्क :

भोपाल के बोरवान पार्क में लगे 3 पिंजरों में 13 दिन बाद भी सियार नहीं फंसे हैं। ऐसे में अनुमान है कि सियार बड़ा तालाब से होकर पार्क से बाहर निकल गए हैं। इसलिए 15 दिन के बाद बोरवान पार्क 1 घंटे के लिए खोल दिया गया है। सुबह 7 से 8 बजे तक लोग पार्क में वॉक कर सकेंगे। पार्क के गेट पर ताला लगा होने से 4 हजार लोगों का घूमना बंद हो गया था।

बैरागढ़ (संत हिरदाराम नगर) स्थित बोरवान पार्क करीब 175 एकड़ क्षेत्र में फैला है। पहले लोगों के लिए यह सुबह 6 से 10 बजे तक और शाम 4 से 6 बजे के बीच खोला जाता है। हर रोज 3 से 4 हजार लोग घूमने पहुंचते थे, लेकिन 11 सितंबर की सुबह पार्क में सियारों की मौजूदगी से उनका घूमना बंद हो गया था। हजारों लोग मॉर्निंग और इवनिंग वॉक नहीं कर पा रहे थे। दूसरी ओर, वन विभाग ने सियारों को पकड़ने के लिए 3 पिंजरे भी लगाए थे।

पिंजरे में नहीं फंस रहे सियार

बता दें कि 11 सितंबर को पार्क में मॉनिंग वॉक पर गए लोगों ने सियारों का झुंड देखा था। तभी से वन विभाग की क्रैक टीम यहां मौजूद है। 13 सितंबर को यहां 3 पिंजरे लगाए गए थे। ताकि, सियारों को पकड़कर जंगल में छोड़ा जा सके, लेकिन अब तक एक भी सियार पिंजरे में नहीं फंसा है। हालांकि, बाद में सियार भी पार्क में दिखाई भी नहीं दिए। ऐसे में एक संभावना यह भी जताई जा रही है कि सियार पार्क के पीछे तालाब की ओर से जंगल की ओर निकल गए होंगे।

5-6 की संख्या में ही रहते हैं सियार

डीएफओ आलोक पाठक ने बताया, अमूमन सियार 5 से 6 की संख्या के झुंड में ही रहते हैं, लेकिन बोरवान पार्क में इनकी संख्या करीब 15 है। बड़ा तालाब में पानी अधिक होने से वे पार्क में आ गए होंगे।

बड़ी राहत मिलेगी

बैरागढ़ के दीपक वाधवानी ने बताया, बोरवान पार्क खुलने से मॉर्निंग और इवनिंग वॉक करने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। अभी यह 1 घंटा ही खुला रहेगा। इसके बाद इसे पूर्व के समय अनुसार ही खोला जाएगा। पार्क बंद होने से लोग गुलाब पार्क में जा रहे थे, लेकिन वहां व्यवस्थाएं ठीक नहीं होने से लोग परेशान हो रहे थे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!