भाजपा के संस्थापक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर BJP की मेगा मेंबरशिप ड्राइव: 64,871 बूथों पर 100-100 सदस्य बनाने का लक्ष्य; CM नरेला, वीडी हुजूर में दिलाएंगे सदस्यता

भोपाल डेस्क :
भाजपा के संस्थापक पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर बुधवार को एमपी के सभी बूथों पर बीजेपी मेगा मेंबरशिप ड्राइव चलाएगी। प्रदेश के सभी 64871 बूथों पर 100-100 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, सह प्रभारी सतीश उपाध्याय, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि अलग-अलग बूथों पर पहुंचकर पंडित दीनदयाल जी को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया- 25 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पार्टी के संगठन पर्व का पहला चरण पूरा हो रहा है। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता हर बूथ पर कम से कम 100 नए सदस्य बनाकर रिकॉर्ड बनाएंगे।

ये नेता इन बूथों पर जाएंगे
अधिकतम सदस्यता दिवस के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल जिले की नरेला विधानसभा के महामाई मंडल के बूथ क्रमांक- 138 व 134, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा हुजूर विधानसभा के गांधी नगर मंडल के बूथ क्रमांक-53 में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।
प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह भोपाल उत्तर विधानसभा के गुरूनानक मंडल के बूथ क्रमांक-46 पर, प्रदेश सह प्रभारी सतीश उपाध्याय भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पंचशील मंडल के बूथ क्रमांक-196 पर, उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा मल्हारगढ़ विधानसभा के मल्हारगढ़ मंडल के बूथ क्रमांक-51 एवं 52 और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला रीवा विधानसभा के बूथ क्रमांक 115 में लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।
प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा बैतूल में, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विधानसभा इंदौर क्रमांक-1 के लवकुश मंडल में और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भोपाल दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के पंचशील मंडल के बूथ क्रमांक-204 पर लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।
मध्यप्रदेश में अब तक 85 लाख सदस्य बने
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने बताया अब तक मिस्ड कॉल के आधार पर 85 लाख सदस्य बनाए हैं। वहीं, 77 लाख लोग पार्टी के निर्धारित प्रपत्र को भरकर सदस्य बन चुके हैं। अभियान के पहले चरण में हमारा फोकस मॉस मेंबरशिप पर रहा, लेकिन अब अगले चरण में हम अलग-अलग वर्गों, समूहों के लोगों को पार्टी से जोड़ेंगे।
हर समाज व वर्ग के लोग बन रहे भाजपा के सदस्य
वीडी शर्मा ने कहा कि सदस्यता अभियान समाप्त होने के बाद युवा, महिला व किस समुदाय के कितने लोग भाजपा सदस्य बनें, यह स्पष्ट होगा, लेकिन अभी तक जितनी सदस्यता हुई है, उसमें हर समाज वर्ग के लोग भाजपा से जुड़े हैं। विशेषकर युवा और महिलाओं ने बड़ी संख्या में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी है के सिद्धांत पर चलकर हर समाज वर्ग को जोड़ने का कार्य करती है।
संगठन पर्व में किन्नर समुदाय ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा किसान सदस्य दिवस के दिन प्रदेश में बड़ी संख्या में किसानों को पार्टी का सदस्य बनाया है। युवा मोर्चा ने युवाओं को सदस्यता दिलाने का अभियान चलाया, जिसमें एक दिन में 10 लाख सदस्य बनाए। इससे पहले एक दिन में मध्यप्रदेश भाजपा ने 7 लाख 50 हजार सदस्य बनाए थे।
मध्यप्रदेश की कुछ ऐसी विधानसभाएं भी हैं, जहां भाजपा के विधायक नहीं हैं, लेकिन वहां सदस्यता में बहुत अच्छी प्रगति है। भोपाल की मध्य विधानसभा, उत्तर विधानसभा, सतना, अशोक नगर विधानसभाएं सदस्यता अभियान में टॉप 10 में शामिल हैं।



