एमपी में कर्मचारियों का आंदोलन जारी: सिर्फ 4 दिन में 63 हजार कर्मचारियों ने एक सुर में कहा- यूपीएस मंजूर नहीं, ओल्ड पेंशन ही चाहिए

भोपाल डेस्क :
नई पेंशन स्कीम के बाद अब यूनिफाइड पेंशन स्कीम (यूपीएस) का पुरजोर विरोध शुरू हो गया है। इसके विरोध में कर्मचारी संगठन लामबंद हो गए हैं। पुरानी पेंशन बहाली के लिए लंबे समय से आंदोलन कर रहे दो संगठनों ने आंदोलन भी शुरू कर दिया है।
एक संगठन न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन द्वारा कर्मचारियों से वोटिंग करवाने का निर्णय लिया है। इसके जरिए कर्मचारियों से यह पूछा जा रहा है कि आपकी इस बारे में राय क्या है? यह फैसला संगठन न्यू मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन ने लिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह तिवारी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए कर्मचारियों से राय ली जा रही है। 1 सितंबर से 4 सितंबर तक देश भर से 63 हजार कर्मचारियों ने कहां है हमें यूपीएस मंजूर नहीं है। हमें ओल्ड पेंशन ही चाहिए। यह राय 7 सितंबर तक ली जाएगी।
चेतावनी… पुरानी पेंशन लागू नहीं की तो संसद का घेराव
एक अन्य संगठन पुरानी पेंशन बहाली राष्ट्रीय आंदोलन (एनएमओपीएस) ने यूपीएस के विरोध में गुरुवार से चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया है। एनएमओपीएस के प्रांतीय प्रवक्ता हीरानंद नरवरिया ने बताया कि पहले चरण में देशभर में संगठन से जुड़े कर्मचारियों ने यूपीएस के विरोध में सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर की है।
दूसरे चरण में 6 सितंबर तक काली पट्टी बांधकर काम करेंगे। तीसरे चरण में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 15 सितंबर को दिल्ली में होगी। चौथे चरण में जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी पुरानी पेंशन बहाल नहीं की गई तो दिल्ली में संसद भवन का घेराव किया जाएगा। मप्र अधिकारी कर्मचारी संयुक्त मोर्चा के संरक्षक भुवनेश कुमार पटेल ने बताया कि प्रांतीय बैठक बुलाई गई है।
इनके ये तर्क… 1 जनवरी 2005 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को एनपीएस मिल रही है। इनकी संख्या लगभग 6.50 लाख हैं। ये 1972 वाली पुरानी पेंशन की मांग कर रहे हैं। नवीन शिक्षक संवर्ग जो लगभग 2. 37 लाख हंै। इनकी नियुक्ति राज्य शिक्षा सेवा के अंतर्गत जुलाई 2018 से मान्य की गई है। ये इस दायरे में नहीं आ पाएंगे। 4 साल और सेवा करने के बाद लगभग 90% लोग रिटायरमेंट हो जाएंगे, एनपीएस की 10% राशि जो कटौती हो रही है वह वापस मिलेगी कि नहीं यह यूपीएस में स्पष्ट नहीं है। अर्ध सैनिक बल 20 साल में ही रिटायरमेंट हो जाते हैं। यूपीएस में 25 वर्ष सेवा करने के बाद पेंशन मिलेगी। इसमें देश के अर्ध सैनिक बल छूट जाएंगे।
ईपीएफ
7 साल बाद फिर सबसे ज्यादा कर्मचारियों को हायर पेंशन
कर्मचारी भविष्य निधि के दायरे में आने वाले निजी कंपनियां कारखाने सार्वजनिक उपक्रमों के कर्मचारियों को हायर पेंशन मिलने का सिलसिला फिर शुरू हो गया है। 2017 के बाद प्रदेश में सबसे ज्यादा कर्मचारियों को हायर पेंशन मिली है। इनमें एमपी एग्रो कॉरपोरेशन भोपाल दुग्ध संघ , इंदौर दुग्ध संघ, जबलपुर दुग्ध संघ सहित सहकारी क्षेत्र के अन्य दफ्तर शामिल हैं।
ईपीएफओ रीजनल कमिश्नर 1 अमिताभ प्रकाश ने बताया कि इसके लिए पात्र ईपीएफओ कर्मचारियों को डिमांड नोट जारी किए जा रहे हैं। अब तक 350 से ज्यादा कर्मचारियों को ये नोट जारी किए जा चुके हैं। ईपीएफ मामलों के जानकार चंद्रशेखर परसाई ने बताया कि सितंबर 2014 के बाद रिटायर हुए और होने वाले पात्र कर्मचारियों को यह पेंशन मिलेगी।



