भोपाल

ईCM शिवराज सिंह बोले- राहुल कांग्रेस के लिए ‘राहु’: कहा- वे अहंकारी और गैरजिम्मेदार नेता, कांग्रेस बोली- पीएम मोदी भयभीत क्यों हैं?

भोपाल डेस्क :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को नेहरू-गांधी परिवार का सबसे असफल, कमजोर, गैर जिम्मेदार, लापरवाह और अहंकारी नेता बताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ऐसे नेता है, जिन्हें न राष्ट्र की जानकारी है और न ही राष्ट्र नीति की। उन्होंने राहुल काे कांग्रेस के लिए ‘राहु’ बताया। इधर, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने भी राहुल गांधी के मुद्दे पर भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा कि बीजेपी की सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्यों भयभीत हैं? उन मुद्दों को कांग्रेस जनता के सामने रखने की कोशिश कर रही है। ये मुद्दा रुकने वाला नहीं हैं।

राहुल गांधी को दो साल की सजा, उनकी संसद सदस्यता समाप्त करने और फिर बंगला खाली करने के नोटिस को लेकर राजनीति गर्माई हुई है। बीजेपी जहां राहुल गांधी पर की गई कार्रवाई को सही ठहराने में लगी है, वहीं कांग्रेस इसे गलत बता रही है। इसी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगे है।

कांग्रेस देश के लिए समस्या, राहुल कांग्रेस के लिए समस्या

सीएम शिवराज सिंह ने सीएम हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि राहुल को यह बात जान लेनी चाहिए कि देश संविधान से चलता है, जुबान से नहीं। कांग्रेस देश के लिए समस्या है और राहुल कांग्रेस के लिए समस्या बन गए हैं। देश में अमृतकाल तो कांग्रेस में राहुकाल चल रहा है। गांधी और नेहरू परिवार के गुलाम नेता राहुल को जबरदस्ती नेता बनाने पर तुले हैं। अहंकार में डूबे राहुल गांधी ने जाति को ही चोर बता दिया। ओबीसी वर्ग को गाली दी। अब मांफी मांगने से भी राहुल इंकार कर रहे हैं।

सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि राहुल जानते हैं कि पिछड़ा वर्ग उन्हें चुनौती नहीं दे सकता। लिहाजा, कुछ भी बोल रहे हैं। सीएम ने कहा कि पिछड़ा वर्ग कांग्रेस और राहुल गांधी को माफ नहीं करेगा। यदि पिछड़ों से टकराने की कोशिश की, तो कांग्रेस का अस्तित्व भी चला जाएगा।

कांग्रेस ने कभी कोर्ट, दलित और पिछड़ों का सम्मान नहीं किया

सीएम शिवराज ने कहा कि कोर्ट, दलित और पिछड़ों का सम्मान नहीं करना ही कांग्रेस का इतिहास रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने शाहबानो प्रकरण में सुप्रीम कोर्ट के फैसले को पलटा था। सीताराम केसरी जैसे नेता का अंतिम समय में सामान सड़क पर फिंंकवाने का काम भी कांग्रेस ने किया। ऐसे में राहुल गांधी से भी उम्मीद भी नहीं की जा सकती कि वे कोर्ट के साथ पिछड़े, दलितों का सम्मान करेंगे।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कांग्रेस से सवाल किया कि राहुल माफी मांगने को तैयार नहीं हैं। कोर्ट ने सजा सुनाई, तो षड्यंत्र बता रहे हैं। कांग्रेस है कि राहुल गांधी के लिए अलग से कानून की मांग तक करने लगी है। कांग्रेस ओबीसी वर्ग के खिलाफ दिए बयान को संरक्षण को क्यों दे रही है? राहुल को माफी यात्रा निकालनी चाहिए। उन्होंने सोनिया गांधी से सवाल किया कि राहुल का ओबीसी वर्ग के लिए दिया बयान सही है? सहानुभूति बटोरने के लिए कांग्रेस राजनीति कर रही है। कांग्रेस चाहती है कि राहुल और जनता के लिए अलग-अलग कानून बनाए जाएं।

कांग्रेस नेता चव्हाण बोले- राहुल गांधी के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी पार्टी

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ नरेंद्र मोदी की सरकार ने जो भी कार्रवाई की है, लोकतंत्र में ऐसा उदाहरण नहीं मिलेगा। बीजेपी की सरकार, विशेषकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी क्यों भयभीत हैं? उन मुद्दों को कांग्रेस जनता के सामने रखने की कोशिश कर रही है। ये मुद्दा रुकने वाला नहीं हैं। ये 2024 के चुनाव का मुद्दा रहेगा।

अडाणी पर पूछे सवाल, इसलिए सदस्यता रद्द की

चव्हाण ने कहा- राहुल गांधी की सदस्यता रद्द की गई है। उसका कारण है कि राहुल गांधी ने जो मोदी और अडाणी के संबंधों के बारे में सवाल पूछे थे। 20 हजार करोड़ के हिसाब को लेकर सवाल पूछे थे। वो सब न पूछा जाए, इसलिए राहुल जी की सदस्यता रद्द की गई है, लेकिन हम सवाल पूछते रहेंगे।

भारत जोड़ाे यात्रा से घबराई भाजपा

चव्हाण ने कहा- राहुल गांधी की भारत जोड़ो पदयात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा था। उनकी लोकप्रियता शिखर तक पहुंच रही थी, इस वजह से भाजपा ने यात्रा में रोड़ा अटकाने की कोशिश की, लेकिन, जनसैलाब के सामने वह कुछ नहीं कर सके। ऐसे में भाजपा सहम गई थी। जब राहुल गांधी विदेश गए। वहां उन्होंने कुछ व्याख्यान दिया, तो भाजपा में हलचल हुई। गौतम अडाणी दुनिया का सबसे बड़ा धोखेबाज है। इतनी जल्दी वह सामान्य व्यापारी से दुनिया के दूसरे नंबर का रईस बन जाता है। उसे भारत सरकार के नेतृत्व का आशीर्वाद है।

महाराष्ट्र के पूर्व सीएम ने कहा कि पहले जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तो अडाणी के जहाज में घूमते थे। जब प्रधानमंत्री बने, तब आधिकारिक विदेशी दौरों के दौरान अडाणी साथ में सरकारी विमान से जाते थे। जैसे ही यात्रा पूरी होती। अडाणी ग्रुप को उस देश से बड़ा कॉन्ट्रैक्ट मिल जाता था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!