
आनंदपुर डेस्क :
विदिशा जिले में लगातार हो रही बारिश से सभी नदी नाले उफान पर हैं । लटेरी तहसील के कई ग्रामीण क्षेत्रों में खिरिया खेड़ा, कालादेव, काछीखेड़ा, परवरिया, ओखलीखेड़ा, बंदीपुर, मोतीपुर , खैरखेड़ी सहित कई स्थानों पर लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर अधूरी बनी पुलिया के कारण लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है। वहीं कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करते नजर आ रहे हैं।
बारिश बनी आफत
मूसलाधार बारिश के बाद कई नदी नाले उफान पर आ गए हैं जिसके चलते कई जगह पर पुलियाओं के ऊपर पानी बह रहा है। ओखलीखेड़ा गांव से दूसरे गांव का संपर्क भी टूट गया है हालत यह है कि ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कई किलोमीटर का लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है।

जान जोखिम में डाल रहे लोग
ओखलीखेड़ा में कई ग्रामीण ऐसे भी हैं जो लंबे चक्कर से बचने के लिए अपनी जान जोखिम में डालकर बहते पानी के बीच रास्ता पार करते नजर आ रहे हैं। ओखलीखेड़ा में कांदई नदी की पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है और ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर इस पुलिया को पार करते नजर आ रहे हैं।
ग्रामीण अफजल खान ,लालाराम चंदेल का कहना है कि ओखलीखेड़ा गांव से मनाकचोक पठार की दूरी मात्र 3 किलोमीटर है, लेकिन पुलिया पर पानी बहने की स्थिति में उन्हें 10 किलोमीटर का सफर तय कर सतगुरु नगर के रास्ते से होकर आना पड़ता है, कई बार पुलिया पर पानी ज्यादा होने की स्थिति में लोगों को घंटे बैठकर पानी उतरने का इंतजार करना पड़ता है
हर साल का यही है हाल
ग्रामीण वीर सिंह , जादौन, विक्रम धाकड़ ने बताया कि हर बार बारिश के मौसम में ग्रामीणों को इन परेशानियों से रूबरू होना पड़ता है, लेकिन उसके बाद भी प्रशासन सिर्फ चेतावनी जारी कर अपने कार्यों से इति श्री कर लेता है, अब देखना यह होगा कि आखिर प्रशासन कब लोगों को बहता पानी के बीच पुलिया पार करने की समस्या से निजात दिला पाता है।



