घना कोहरा छाया, 50 फिट देख पाना भी मुश्किल: अलाव के सहारे ठंड से बचाव करते दिखे लोग

विदिशा डेस्क :
विदिशा में मौसम में बार-बार बदलाव देखने को मिला है। सर्दी के सीजन का आज (रविवार को) पहली बार घना कोहरा पड़ा। सुबह से घने कोहरे के साथ तेज ठंड थी, सबसे ज्यादा दिक्कत वाहन चालकों को हुई, घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी 20 मीटर रही। जिसके चलते वाहनों की रफ्तार पर अंकुश लग गया।
घने कोहरे और तेज ठंड के चलते जन जीवन अस्त-व्यस्त हो गया, लोग जरूरी होने पर ही घरों से निकल रहे थे। लोग अलाव के सहारे ठंड से बचाव करते दिखे। 12 बजे तक कोहरे का असर रहा, 11 बजे के बाद ही धूप निकली। वहीं घने कोहरे की वजह से ट्रेन लेट चल रही है जिसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

पहले जहां ठंडी हवा के चलते न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे गया था वहीं शनिवार से हवाओं का रुख बदलने से तापमान में परिर्वतन देखने को मिला, पहले उत्तर-पूर्व से हवा चल रही थी अब पूर्व से हवा चल रही है। जिसके कारण तापमान में वृद्धि होने लगी। आज उच्चतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग का कहना है उत्तर पूर्व दिशा से चल रही तेज हवा से पारा लुड़क रहा था, अब हवा की दिशा बदलने से पारे में वृद्धि होने लगी है।



