न्यूज़ डेस्क

चरित्र शंका के चलते पत्नी को पीट-पीटकर मारडाला, सबूत मिटाने खेत में जलाया शव: पुलिस पहुंची तो मिली सिर्फ राख, आरोपी गिरफ्तार

न्यूज़ डेस्क :

मध्यप्रदेश के आगर मालवा जिले में एक युवक ने पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इसके बाद सबूत मिटाने के लिए खेत में ही उसका शव जला दिया। ग्रामीणों को खेत से धुआं उठता दिखा तो वे वहां पहुंचे। युवक उसकी पत्नी का शव जला रहा था। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो शव जलकर खाक हो चुका था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना शनिवार दोपहर 2 से 5 बजे के बीच धरोला गांव की है। यहां रहने वाले मोहन भिलाला का पत्नी सीमा (36) से अक्सर विवाद होता रहता था। वह चरित्र शंका के चलते पत्नी से मारपीट करता रहता था। शनिवार को भी खेत में काम करते समय दोनों के बीच कहासुनी हो गई । इसके बाद गुस्साए युवक ने पत्नी को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। वह तब तक उसे मारता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हो गई।

सबूत मिटाने शव को जलाया
पत्नी की हत्या के बाद सबूत मिटाने के लिए उसने अपने संतरे के खेत में लकड़ियां जमा की। उस पर शव रखकर आग लगा दी। वह तब तक वहां बैठा रहा जब तक की शव पूरी तरह जलकर राख नहीं हो गया। खेत से धुआं उठता देख ग्रामीण वहां पहुंचे तो उन्हें मोहन भिलावा शव जलाता दिखा। ग्रामीणों ने शाम को करीब 6 बजे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एसडीओपी पल्लवी शुक्ला नलखेड़ा थाने की टीम के साथ गांव पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से अवशेष जमा किए। पूछताछ में आरोपी ने लाठी-डंडे से पीटने की बात स्वीकार की है। पुलिस को मौके से खून से सनी कुल्हाड़ी भी मिली है।

मां बोली- शिकायत करते इससे पहले बेटी को मार डाला
जानकारी मिलने के बाद मृतक महिला की मां और बड़े पापा नलखेड़ा थाने पहुंचे। यहां उन्होंने एसपी राकेश सगर को दामाद की पूरी करतूत बताई। उन्होंने बताया कि दामाद पहले भी बेटी से विवाद करता था। वह कई बार मारपीट कर चुका था। हम बेटी को घर ले जाना चाहते थे। पुलिस से शिकायत करने का मन भी बना रहे थे। इससे पहले ही उसने हमारी बेटी को मार डाला। महिला के तीन बच्चे हैं। एक उसके मामा के पास रहता है। एक बेटा पंडित के यहां काम करता है। एक बच्चा छोटा है।

आरोपी गिरफ्तार, होगी साइंटिफिक जांच: SP
एसपी राकेश कुमार सगर ने बताया कि आरोपी पति मोहन भिलाला को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना स्थल से जब्त किए गए साक्ष्यों की डीएनए और साइंटिफिक जांच कराई जाएगी। दोनों पति पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी खेत पर दोनों में विवाद हो गया तो पति ने महिला की हत्या कर दी।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!