विदिशा में 108 एंबुलेंस के चालक के साथ मारपीट: मेडिकल कॉलेज में एंबुलेंस चालकों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की

विदिशा डेस्क :
विदिशा में 108 एम्बुलेंस के चालक और मेडिकल टेक्नीशियन के साथ मेडिकल कॉलेज के गार्ड व सुपरवाइजर से मारपीट करने का मामला सामने आया है। जिसको लेकर एम्बुलेंस चालक और सहायकों ने मेडिकल कॉलेज में पहुंचकर हंगामा किया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की ।
108 एम्बुलेंस चालकों और उनके साथ मेडिकल टेक्नीशियन के रूप में काम करने वाले कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज में हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाए कि आज जब जिला अस्पताल से एक मरीज को रेफर कर मेडिकल कॉलेज लाए थे तो पर्चा बनवाने के दौरान वहां पदस्थ स्टाफ और उनके सुपरवाइजर ने उनके साथ बदसलूकी की।

उन्हीं के इशारे पर मेडिकल कालेज के गार्डो ने एम्बुलेंस चालक अमित कुशवाहा के साथ मारपीट की। इतना ही नहीं इस विवाद को रोकने पहुंचे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर के साथ भी इन लोगों द्वारा बदसलूकी की गई।
इस मामले में दोषी गार्ड और अन्य कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर वह मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों के खिलाफ में कार्रवाई नहीं होती है, तो वह एम्बुलेंस सेवा बंद कर देंगे।



