विदिशा

कालादेव में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त: क्षेत्र में आक्रोश; सीसीटीवी जांच के घेरे में कई सवाल, निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

प्रतिमा पर हमला या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश? सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा राज, दोषियों पर कार्रवाई की मांग तेज

आनंदपुर डेस्क :

विदिशा जिले की लटेरी तहसील के ग्राम कालादेव में भारत रत्न, संविधान निर्माता एवं सामाजिक न्याय के अग्रदूत डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्रतिमा की नाक को पत्थर मारकर नुकसान पहुंचाया गया है।

घटना की खबर फैलते ही अंबेडकरवादी संगठनों, बहुजन समाज के लोगों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने इसे सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने का प्रयास बताते हुए दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सामाजिक कार्यकर्ता हरिशंकर भारतीय एवं कुमारी रीमा बौद्ध ने घटना पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह किसी असामाजिक और जातिवादी मानसिकता रखने वाले व्यक्ति की हरकत प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों की पहचान होने की उम्मीद है।

ग्रामीणों के गंभीर आरोप

मामले की गंभीरता को देखते हुए पंचायत भवन में स्थापित सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष को पुलिस ने सील कर दिया है, ताकि किसी प्रकार के साक्ष्य से छेड़छाड़ न हो सके। मंगलवार को सीसीटीवी फुटेज की तकनीकी जांच कराई जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि हाई स्कूल परिसर में लगा एक सीसीटीवी कैमरा घटना के समय दूसरी दिशा में घुमाया हुआ पाया गया, जिससे संदेह और गहरा गया है।


ग्रामीणों ने एक अतिथि शिक्षक पर भी पूर्व में प्रतिमा को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी व्यक्ति की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी है। प्रशासन ने लोगों से संयम बनाए रखने तथा अफवाहों से बचने की अपील की है।

बीएसपी प्रदेश प्रभारी पहुंचे घटना स्थल

घटना की जानकारी मिलने पर बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश प्रभारी जियालाल अहिरवार भी देर रात कालादेव पहुंचे। उन्होंने स्थानीय अंबेडकरवादी कार्यकर्ताओं से चर्चा करने के बाद उनारसी कला थाना प्रभारी से मुलाकात कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग की।


समाज प्रतिनिधियों ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर केवल एक वर्ग विशेष नहीं बल्कि पूरे देश के प्रेरणास्रोत हैं। उनकी प्रतिमा के साथ हुई छेड़छाड़ किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो अंबेडकरवादी संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।


फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और गांव में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। पूरे क्षेत्र की निगाहें अब पुलिस जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

News Update 24x7

Related Articles

error: Content is protected !!