फिल्मी अंदाज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई: वनभूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, पीछा कर ट्रैक्टर-कल्टीवेटर जब्त

लटेरी डेस्क: सीताराम वाघेला
विदिशा जिले के लटेरी वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने वनभूमि पर अवैध अतिक्रमण की कोशिश को विफल करते हुए त्वरित और साहसिक कार्रवाई की है। वन विभाग की टीम ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर वनभूमि पर की जा रही अवैध जुताई को रोका और भाग रहे आरोपी का पीछा कर ट्रैक्टर एवं कल्टीवेटर जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, वन मंडल अधिकारी विदिशा के निर्देश पर शनिवार को यह कार्रवाई की गई। विभाग को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बीट आडापानी क्षेत्र की संरक्षित वनभूमि पर अवैध कब्जे की नीयत से जुताई की जा रही है। सूचना मिलते ही परिक्षेत्र सहायक महेश विश्वकर्मा एवं बीटगार्ड राहुल दांगी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मौके के लिए रवाना किया गया।

वन अमले ने बीट आडापानी के कक्ष क्रमांक पी-443 में घेराबंदी की, जहां मलनियां निवासी सौरत पिता मुन्ने खां ट्रैक्टर और कल्टीवेटर की सहायता से वनभूमि की जुताई करते हुए मिला। वन विभाग की टीम को देखकर आरोपी ट्रैक्टर लेकर मौके से भागने लगा, लेकिन वनकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। काफी दूरी तक चले पीछा अभियान के बाद टीम ने आरोपी के वाहन को पकड़ लिया और उसे जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान मैसी एमएफ-241 डीआई ट्रैक्टर तथा कल्टीवेटर को जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग की इस कार्रवाई को क्षेत्र में वनभूमि संरक्षण और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन संपदा को नुकसान पहुंचाने अथवा वनभूमि पर अवैध कब्जे के किसी भी प्रयास को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।



