इंदौर-उज्जैन के बीच सिंहस्थ में मेट्रो चलाने के लिए डीपीआर सर्वे शुरू: इधर, तीन कोच की छठी खेप डिपो पहुंची

इंदौर डेस्क :
सरकार ने सिंहस्थ से पहले इंदौर-उज्जैन के बीच मेट्रो चलाने के लिए तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरशन द्वारा डीपीआर की तैयारी की जा रही है। बुधवार को डीएमआरसी की टीम ने लवकुश चौराहा से उज्जैन महाकाल तक रूट का मौका मुआयना किया। दोनों शहरों के बीच मेट्रो चलने से आवागमन का समय वर्तमान से एक तिहाई रह जाएगा।
टीम ने लवकुश चौराहे से उज्जैन तक पूरे रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान अफसरों ने स्टेशन, डिपो और अन्य सुविधाओं के लिए जगह देखी। दोनों शहरों के बीच एलिवेटेड ट्रैक बनाने की योजना है। टीम ने लवकुश के आगे धरमपुरी, सांवेर होते हुए रूट का अवलोकन किया। कॉरपोरेशन के अफसरों ने बताया, इसे मौजूदा ट्रैक के साथ मर्ज किया जाएगा। टीम ने उज्जैन के समीप शिप्रा नदी का स्पॉट भी देखा। यहां पर ब्रिज बनाना होगा। इस दौरान इंदौर व उज्जैन की ओर से आबादी एरिया के फैलाव की जानकारी भी ली जा रही है, जिससे स्टेशन तय करने में मदद ली जाएगी।
इंदौर में मेट्रो रिंग रूट के साथ इसका विस्तार उज्जैन, पीथमपुर तक होना है। पूर्व में रूट का फिजिबिलिटी सर्वे किया था। इस आधार पर डीएमआरसी ने 3 रूट तैयार किए हैं।
आज अनलोड करने के बाद यार्ड के ट्रैक पर टेस्टिंग होगी
बुधवार को तीन कोच की मेट्रो ट्रेन का सेट इंदौर पहुंचा। विधानसभा चुनाव के पहले मेट्रो टेन का पहला सेट इंदौर पहुंचा था। अब तक मेट्रो के कुल 6 सेट गांधी नगर स्थित डिपो पहुंच गए हैं। गुरुवार को इसे अनलोड किया जाएगा। फिर डिपो में स्टेब्लिंग यार्ड में टेस्टिंग ट्रैक पर इसकी टेस्टिंग की जाएगी। इसके बाद वायडक्ट पर इसे चलाकर देखा जाएगा। गुजरात के सांवली वडोदरा में कोच का निर्माण किया जा रहा है।



