भोपाल

डॉग ट्रेनर ने डॉग को फांसी पर लटका कर हत्या की: तीन के खिलाफ केस

भोपाल डेस्क :

भोपाल में एक डॉग ट्रेनर ने पालतू कुत्ते को फांसी पर लटकाकर उसकी हत्या कर दी। कुत्ता 7 मिनट तक तड़पता रहा फिर दम तोड़ दिया। वीडियो सामने आने पर पुलिस ने ट्रेनर सहित तीन लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता का केस दर्ज किया है। घटना 9 अक्टूबर की है। इसका CCTV अब सामने आया है। हालांकि यह पता नहीं चला कि ट्रेनर ने ऐसा क्यों किया।

मिसरोद थाने के एएसआई अशोक शर्मा ने बताया- शराब कारोबारी निखिल जायसवाल शाजापुर जिले के ​कालापीपल में रहते हैं। 1 मई 2023 को उन्होंने अपना पालतू कुत्ता (पाकिस्तानी बुली डॉग ब्रीड) भोपाल के सहारा स्टेट 11 मील स्थित डॉग ट्रेनिंग सेंटर में ट्रेनिंग के लिए दिया था। सेंटर को रवि कुशवाहा चलाता है जबकि नेहा और तरुण कर्मचारी हैं। डॉग की ट्रेनिंग के लिए 13 हजार रुपए हर महीने फीस ली जाती है।

कहा- डॉग की सांसें नहीं आ रहीं, हम सीपीआर दे रहे
12 अक्टूबर को डॉग मालिक निखिल जायसवाल ने मिसरोद थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उन्होंने बताया कि मैं शाजापुर जिले के कालापीपल मंडी का निवासी हूं। 1 मई 2023 को अपना पालतू डॉग पाकिस्तानी बुली (आलसेशियन डॉग) भोपाल के मिसरोद इलाके की सहारा स्टेट कॉलोनी में संचालित होने वाले अल्फा डॉग ट्रेनिंग एंड बोर्डिंग सेंटर में दिया था। 4 महीने की ट्रेनिंग 23 सितंबर को पूरी होना थी। मैंने 14 सितंबर को सेंटर फोन लगाकर कहा कि मैं अपने डॉग को लेने आ रहा हूं।

इस पर रवि ने मना करते हुए कहा- आप अभी मत आओ। इसे मेरे पास ही रहने दो, मैं फ्री ट्रेनिंग दूंगा। इसके बाद 6 अक्टूबर को रवि का फोन आया और कहा कि डॉग को सांस नहीं आ रही है। हम सीपीआर दे रहे हैं। मैंने अस्पताल ले जाने का कहा तो वे नहीं ले गए।

मैं 9 अक्टूबर को शाम 4 बजे सेंटर पर पहुंचा। तब तक मेरे डॉग की मौत हो चुकी थी। मैंने सेंटर से रिकॉर्डिंग दिखाने का कहा तो उन्होंने मुझे 3 घंटे तक यह कहकर बिठा रखा कि रिकॉर्डिंग डाउनलोड नहीं हो रही है। वे टालमटोल करते रहे। उन्होंने रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी। इस दौरान रवि के हाथ पैर कांप रहे थे। मैंने अपने डॉग सुल्तान के पोस्टमार्टम की बात कही। इस पर रवि ने कहा कि मेरी सरकारी अस्पताल में बात हो गई है वहां चले जाओ। वहां गया तो पोस्टमॉर्टम नहीं किया गया। परेशान होकर मैंने डॉग का अंतिम संस्कार कर दिया।

निखिल ने बताया कि सुल्तान मेरे परिवार का सदस्य था। उस पर मेरा 12 से 15 लाख रुपए खर्च हो चुका था। उसकी मौत से मेरे परिवार के सदस्यों को मानसिक आघात पहुंचा है।

CCTV फुटेज में कुत्ते को फंदे पर लटकाते दिखे
शिकायत के बाद पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पहुंची। शुरुआती पूछताछ के बाद CCTV फुटेज जब्त कर लिए। इसमें दिखाई दे रहा है कि 9 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 38 मिनट पर सबसे पहले नेहा डॉग को गेट पर लटका रही है। इसके बाद रवि और तरुण वहां पहुंचे। उन्होंने फंदा बनाकर डॉग के गले में डाल दिया।

तीनों ने उसे तब तक लटकाकर रखा गया, जब तक उसकी मौत नहीं हो गई। फुटेज देखने के बाद पुलिस ने रवि, तरुण और नेहा के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम का मामला दर्ज कर लिया है। मिसरोद थाने के प्रभारी रत्न सिंह परमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को नोटिस देकर छोड़ दिया गया है। जिन धाराओं में प्रकरण दर्ज है, वह थाने से जमानती हैं

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!