पाकिस्तान का दोस्त कहने पर भड़के दिग्विजय करेंगे कोर्ट में मानहानि केस: शिवराज ने उनकी जमानत कैसे होने दी?
भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने प्रदेश भाजपा प्रभारी पी. मुरलीधर राव के खिलाफ मानहानि का केस दायर करने का फैसला लिया है। पूर्व CM ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। मुरलीधर राव ने दो दिन पहले शनिवार को CM हाउस में दिग्विजय सिंह को पाकिस्तान और उग्रवादियों का दोस्त बताया था। राव के इस बयान से दिग्विजय सिंह नाराज हैं।
दिग्विजय सिंह ने दैनिक भास्कर की खबर शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा- मुरलीधर आपने मुझ पर जो आरोप लगाए हैं, आपको अदालत में जवाब देना होगा। फिर उन्होंने लिखा, मुरलीधर जी क्या आप भोपाल BJP IT cell के अध्यक्ष ध्रुव सक्सेना को जानते हैं? क्या आप सतना के बजरंग दल के अध्यक्ष बलराम सिंह को जानते हैं? नहीं जानते हैं तो यह खबर पढ़िए। (इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक खबर का लिंक शेयर किया)
आप मामा से पूछेंगे देशद्रोहियों की जमानत कैसे होने दी?

दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा- क्या आप बलराम सिंह के मित्र राजीव तिवारी को भी जानते हैं? इन सभी को व इनके 14 और साथियों को MP पुलिस की ATS ने पाकिस्तान की ISI के लिए जासूसी करते हुए पकड़ा था, लेकिन आपके मामा जी शिवराज सिंह चौहान ने इनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा क्यों नहीं चलाया? उन सभी देशद्रोहियों की जमानत कैसे होने दी? क्या आप मामा जी से पूछेंगे? आप में साहस है? आज वे सभी देशद्रोही जमानत पर हैं और पाकिस्तान से कमाए काले धन से भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में आपकी सेवा कर रहे हैं। अब आप बताएं कौन देशद्रोही है? वे, आप या मैं?
इसके बाद दिग्विजय सिंह ने एक VIDEO को रीट्वीट करते हुए लिखा- मुरलीधर राव जी यह VIDEO देखकर कृपया आपके साथ बैठे लोगों से तो पूछ लें, ध्रुव सक्सेना कौन है? इस पर मामा शिवराज सिंह चौहान ने NSA क्यों नहीं लगाया? इसके मकान पर बुलडोजर क्यों नहीं चलाया?
2017 में ATS ने ध्रुव सक्सेना और बलराम सिंह को गिरफ्तार किया था
2017 मध्यप्रदेश ATS की टीम ने अवैध टेलीफोन एक्सचेंज का पर्दाफाश करने के बाद 11 गिरफ्तारियां की थीं। इनमें एक BJP IT सेल का अध्यक्ष ध्रुव सक्सेना भी था। दरअसल, जम्मू के आरएसपुरा में पुलिस ने 2016 में ISI के दो एजेंट को पकड़ा था। ये पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के लिए रणनीतिक जानकारी भेजते थे। इनसे ही पूछताछ में पता चला था कि बलराम से उन्हें इसके लिए पैसे मिल रहे थे। ATS ने बलराम को सतना से गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर जबलपुर से दो, भोपाल से तीन और ग्वालियर से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। जांच के दौरान यह भी पता चला था कि ISI के इशारे पर काम करने वाले बलराम के कई बैंक खाते हैं, जिनमें हवाला के जरिए पैसे आते थे।

मुरलीधर के इस बयान पर दिग्विजय सिंह हुए नाराज
CM हाउस में शनिवार को मप्र सरकार द्वारा जारी की गई युवा नीति और मुख्यमंत्री कौशल कमाई योजना को लेकर प्रबोधन का कार्यक्रम हुआ था। इस कार्यक्रम में BJP के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने दिग्विजय सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। राव ने कहा था कि हम मप्र में इतने सालों पहले सत्ता में आ गए थे कि आपमें से कई लोगों का जन्म ही नहीं हुआ होगा। कुछ युवाओं को उस वक्त की समझ ही नहीं होगी कि कांग्रेस का शासन कैसा था। गड्ढों की सड़क थी या सड़क में गढ्ढे थे। ये पुराने लोगों से पूछना।
दिग्विजय सिंह का सिर्फ ट्विटर बोलता है। उन्होंने 10 साल में ऐसा कर दिया कि कुछ करने लायक ही नहीं बचा। वे ट्विटर पर ही बोलते हैं। ये ट्विटर राजा गड्ढों की सड़क के मुख्यमंत्री रहे। अब ये पाकिस्तान के फ्रेंड हो गए हैं। उग्रवादियों के फ्रेंड हो गए हैं। ये भाजपा को पाकिस्तान से ज्यादा दुश्मन मानते हैं। ओसामा को ‘जी’ बोलते हैं। मोदी को जी नहीं बोलते।
कांग्रेस पार्टी पुराने समय में महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक, गोविंद वल्लभ पंत, रविशंकर शुक्ल थे। ये वे कांग्रेस नहीं है। आज की कांग्रेस वो है, जो पाकिस्तान के साथ जी बोलती है। ओसामा और बुरहानवानी को जी बोलते हैं। कांग्रेस आतंकवादियों को संरक्षण देने का काम कर रही है। इसके खिलाफ भाजपा और युवा मोर्चा लड़ रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नजरबंदी पर कमलनाथ भी कोर्ट जाएंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भोपाल दौरे के वक्त कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने और नजरबंद करने को लेकर कमलनाथ भी कोर्ट जाएंगे। PCC में मीडिया से चर्चा के दौरान कमलनाथ ने कहा, हमारे कांग्रेस के साथियों संगीता, नरेंद्र, ओम साहू, कुणाल, उमाशंकर को पुलिस ने बंद कर दिया। थाने में बिठाए रखा। हम इस पर केस चलाएंगे। क्योंकि, ये देख रहे हैं कि जनता में इनका कितना विरोध है। 160 विधानसभाओं में BJP की विकास यात्राओं का विरोध हुआ। शिवराज और उनके मंत्री बौखलाए हुए हैं। ये लोग अपने क्षेत्र में जाने से ड़रते हैं।



