मध्यप्रदेश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ से अनबन पर बोले दिग्गी राजा- ये BJP का झूठा प्रचार: शिवराज का जवाब-चोर की दाढ़ी में तिनका; कमलनाथ बोले-17 तक झूठ बोल लें

भोपाल डेस्क :

कमलनाथ से अनबन की खबरों पर दिग्विजय सिंह ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के भ्रामक प्रचार के झांसे में न आएं। कांग्रेस एकजुट है। दिग्विजय के बयान पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भाजपा भ्रम क्यों फैलाएगी? जनता देख रही है, टिकट वितरण को लेकर अनबन हुई।

शिवराज ने कमलनाथ को लेकर भी कहा कि कमलनाथ अरबपति हैं, उन्हें जनता से कोई लेना-देना नहीं। शिवराज के इस बयान पर कमलनाथ ने कहा कि उन्हें लगता है कि मैं उद्योगपति हूं, कौन सा उद्योग मेरे नाम से है बताएं? ये झूठ बोलने से बाज नहीं आएंगे। जितना झूठ बोलना है 17 तारीख तक बोलते रहें।

बता दें कि मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच मतभेद की खबरें सुर्खियों में हैं। दिग्विजय सिंह शनिवार को दमोह में प्रियंका गांधी की सभा में भी शामिल नहीं हुए थे। इससे दोनों नेताओं के बीच अनबन की बात फिर उभर कर सामने आई। जिस पर प्रदेश की सियासत गरमा गई है।

सबसे पहले पढ़िए दिग्विजय सिंह के दोनों ट्वीट..

बीजेपी अपनी गुटबाजी ढंकने के लिए झूठी खबरें फैला रही

पहला ट्वीट: बीजेपी की गुटबाजी इन दिनों चरम पर है। जिसे ढांकने के लिए वे प्रायोजित रूप से कांग्रेस नेताओं में, खासकर मेरे और कमलनाथ जी के बीच अनबन की झूठी खबरें फैलाते हैं। जबकि कांग्रेस का हर एक नेता भाजपा को हराने के लिए एकजुट और संकल्प बद्ध है।’

दूसरा ट्वीट: ‘मेरी सभी मतदाता भाइयों एवं बहनों से प्रार्थना है। वे कांग्रेस के नेताओं में फूट के भाजपा के भ्रामक प्रचार के झांसे में न आएं। कांग्रेस एकजुट है। हम लोग सब मिलकर काम करेंगे। भाजपा को हराएंगे। जन बल जीतेगा-धन बल हारेगा। कमलनाथ जी के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनेगी।’

शिवराज बोले- चोर की दाढ़ी में तिनका, हमने कब कहा अनबन है?

दिग्विजय सिंह के बयान पर सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस में कपड़ा फाड़ राजनीति चल रही है। उन्होंने कहा कि एक कहावत है, चोर की दाढ़ी में तिनका, हमने कब कहा कि कमलनाथ और दिग्विजय सिंह में अनबन हैं? आप ट्वीट करके बता रहे हो अनबन नहीं है, भाजपा भ्रम फैला रही है। भाजपा भ्रम क्यों फैलाएगी? जनता देख रही है टिकट वितरण को लेकर अनबन हुई। कमलनाथ ने खुलेआम कहा था कपड़े फाड़ना है तो दिग्विजय और जयवर्धन सिंह के फाड़ो। ये तो सबने सुना है।

सीएम ने कहा- आप हंसी मजाक या हास परिहास में नहीं ले जा सकते हैं। पहले कमलनाथ के बेटे नकुलनाथ छिंदवाड़ा के टिकट बांट देते हैं। बाद में कांग्रेस कमेटी अप्रूव करती है। वर्चस्व की लड़ाई और बेटों को स्थापित करने की लड़ाई जग जाहिर है। इसमें भारतीय जनता पार्टी कहां से आई।

कमलनाथ पर कहा- वे अरबपति हैं, जनता से उन्हें लेना-देना नहीं

सीएम ने कहा कि कमलनाथ कुछ भी कहते ही रहते हैं। वे कहते हैं भाजपा को बेरोजगार कर दो। अरे, हमारे लिए राजनीति कोई रोजगार का माध्यम थोड़े है। राजनीति हमारा धंधा नहीं है, कमलनाथ जी। हम रोजगार के लिए राजनीति नहीं करते हैं। रोजगार के लिए आप राजनीति करते होंगे। आप कॉर्पोरेट जगत से आते हैं। आप अरबपति हैं, सेठ हैं। जनता से आपको कोई लेना-देना नहीं। आप गांव में नहीं गए कभी। गांव की गलियां, खेत, पगडंडियां और जनता से आपका कोई वास्ता नहीं।

प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश में आकर लगातार झूठ बोल रही है..
सीएम ने प्रियंका गांधी के बयान पर कहा- प्रियंका गांधी मध्य प्रदेश में आकर लगातार झूठ बोल रही है। लेकिन, 100 झूठ में से एक तो सच बोला है। वह यह कि उनके स्वर्गीय पिताजी ने भी अमेठी का विकास नहीं किया। कांग्रेस का विश्वास विकास में नहीं है। जब श्रीमान बंटाढार मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। तब मध्य प्रदेश को उन्होंने तबाह और बर्बाद करके रख दिया था। ना सड़क थी, ना बिजली थी, ना पानी था, चारों तरफ केवल हाहाकार था।

प्रियंका जी ने ये तो सच स्वीकार कर लिया कि कांग्रेस विकास नहीं करती। प्रियंका जी इस सच को बताने के लिए आपको धन्यवाद.. एक कहावत है, चोर की दाढ़ी में तिनका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!