प्रदेश की राजधानी में आज भीम आर्मी का शक्ति प्रदर्शन: भेल दशहरा मैदान में लाखों कार्यकर्ता जुटे, चंद्रशेखर रावण भरेंगे हुंकार
भोपाल डेस्क :
राजधानी में आज दलित, आदिवासी और पिछड़ा वर्ग के संगठनों का बड़ा शक्ति प्रदर्शन है। जनसभा को आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण और भीम आर्मी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट विनय रतन सिंह संबोधित करेंगे। OBC नेता प्रीतम लोधी, व्यापम कांड के व्हिसिल ब्लोअर डॉ. आनंद राय, सुनील आस्तेय, सुनील बैरसिया सहित प्रदेश भर के भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता और SC/ST के लोग शामिल हो रहे हैं।
रात से ही भेल दशहरा मैदान पर डटे कार्यकर्ता
प्रदेश भर से भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रात में ही भोपाल पहुंच गए थे। रात से ही भेल दशहरा मैदान पर कार्यकर्ताओं का जमघट शुरू हो गया। भोपाल में पहली बार भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी का इतना बड़ा शक्ति प्रदर्शन हो रहा है। आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील कुमार आस्तेय ने दावा किया कि इस शक्ति प्रदर्शन में 5 लाख लोग शामिल होंगे।

पंचायत और नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि भी शामिल
मप्र में इस साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। इस लिहाज से आज का शक्ति प्रदर्शन काफी अहम माना जा रहा है। BJP और कांग्रेस से नाराज नेता और खासकर दलित और युवा इस कार्यक्रम में बुलाए गए हैं। जिला पंचायत, जनपद पंचायत सदस्यों के साथ ही सरपंच और पार्षद भी आज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं। आजाद समाज पार्टी इस साल के विधानसभा चुनाव में अपने उम्मीदवार उतार सकती है।
इन मुद्दों पर आंदोलन
- देश में जातिगत जनगणना कराई जाए
- प्रदेश सरकार से प्रमोशन में आरक्षण का कानून बनवाने के लिए
- संविधान की प्रस्तावना से सेक्युलर और सोशलिस्ट शब्द हटाने के षड्यंत्र के खिलाफ
- कमजोर वर्ग के लोगों पर प्रशासन के द्वारा झूठे मुकदमे दर्ज करने के खिलाफ
- आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाने के लिए
- केंद्र और राज्य सरकारों से आर्थिक बराबरी का कानून लागू करवाने के लिए
- SC/ST एक्ट के तहत मृतक के परिवार को दी जाने वाली क्षतिपूर्ति राशि बढ़ाकर 30 लाख रुपए करवाने के लिए
- मनरेगा की दैनिक मजदूरी को बढ़ाकर न्यूनतम 700 रुपए करवाने के लिए
- शिक्षा का राष्ट्रीयकरण कर सर्वनाश रुकवाने के लिए
- मध्यप्रदेश सरकार के शासकीय महाविद्यालयों में चुनाव प्रक्रिया बहाल कराने के लिए
- निजीकरण के नाम पर सरकारी प्रतिष्ठानों को बेचने के खिलाफ
- निजीकरण के सहारे आरक्षण समाप्त करने के षड्यंत्र के खिलाफ
- OBC की जातिगत जनगणना, 27% आरक्षण लागू कराने के लिए
- SC/ST, OBC, मुस्लिम अल्पसंख्यक, बहन, बेटियों और बच्चों पर हो रहे अन्याय अत्याचार के खिलाफ
- बेकसूर लोगों के घरों पर प्रशासन द्वारा बुलडोजर चलाने के खिलाफ
- गरीबी रेखा से नीचे आने वाले परिवारों का GST से मुक्त कराने के लिए