भीम आर्मी का प्रदर्शन: दबाव के कारण पुलिस-प्रशासन धीरेंद्र शास्त्री के भाई शालिगराम पर कार्रवाई नहीं कर रही, न्याय महापंचायत बुलाकर उग्र आंदोलन की चेतावनी
न्यूज़ डेस्क :
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री के भाई सौरव गर्ग उर्फ शालिगराम की गिरफ्तारी नहीं होने पर शनिवार को भीम आर्मी सड़क पर उतर आई। उन्होंने नारेबाजी करते हुए जल्द गिरफ्तार नहीं होने पर न्याय महापंचायत बुलाकर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। उनका आरोप है कि दबाव के कारण पुलिस-प्रशासन कार्रवाई नहीं कर रही है। बता दें कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिगराम का एक वीडियो फेसबुक पर वायरल हुआ था, जिसमें वह सिगरेट और हाथ में कट्टा लेकर एक शादी समारोह में लोगों को धमका रहा है। उसने फायर भी किया था। पुलिस ने एससी/एसटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। शालिगराम अभी फरार चल रहा है।
भीम आर्मी और ओबीसी महासभा के लोग हुए रैली में शामिल
शनिवार को भीम आर्मी और ओबीसी महासभा के लोग छतरपुर से रैली लेकर गढ़ा गांव पहुंचे। गढ़ा गांव में पीड़ित परिवार के घर में दो घंटे तक पंचायत लगाकर उनकी समस्याएं सूनीे। बैठक के बाद भीम आर्मी के प्रदेश संयोजक सुनील बैरसिया ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जल्द से जल्द आंदोलन करने की चेतावनी दी। गढ़ा गांव में लकड़ी के पिता कल्लू अहिरवार, दुल्हा आकाश अहिवार, मारपीट के शिकारत जनपद सदस्य रामरतन अहिरवार और लड़की के भाई और महिलाओं ने लोगों को घटना के संबंध में बताया। साथ ही प्रशासन से आरोपी के खिलाफ एफआईआर में आर्म्स एक्ट की धाराएं शामिल करके गिरफ्तारी की मांग की।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने दर्ज की FIR
गढ़ा गांव में 11 फरवरी को अहिरवार समाज के एक परिवार में बेटी की शादी हो रही थी। परिवार ने पहले बागेश्वर धाम के सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी के लिए आवेदन दिया था, लेकिन बाद में निजी कार्यक्रम करने का फैसला किया। शादी की बात पता चलते ही रात करीब 12 बजे धीरेंद्र शास्त्री का छोटा भाई शालिगराम अपने कुछ साथियों के साथ शादी समारोह में पहुंच गया। यहां उसने उत्पात मचाया और वहां मौजूद लोगों को धमकाया। डरे-सहमे परिवार के लोगों ने शादी रोक दी। बारात लौट गई और रिश्तेदार भी चले गए। हालांकि, काफी समझाइश के बाद शादी इसी रात हो गई। यह समझाइश किसने दी और शादी कैसे हुई, इस पर कोई खुलकर कुछ नहीं बोल रहा है। अब पं. धीरेंद्र शास्त्री के भाई का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने ही FIR दर्ज की है। जांच के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
दूल्हा आकाश बोला- जिसने रोका उसे मारा
आकाश अहिरवार ने बताया कि 11 फरवरी की रात जब बाराती खाना खा रहे थे। डीजे पर राई बज रही थी। तभी शालिगराम ने आकर जातिसूचक शब्दों के साथ गालियां देना शुरू कर दिया। शादी में व्यवधान पैदा किया। शालिगराम के हाथ में पिस्टल थी। उन्होंने दो से तीन फायर भी किए। जो उन्हें गालियां देने से मना कर रहा था, वे उसी के साथ मारपीट कर रहे थे। जब इस झगड़े की वजह जानना चाही तो आकाश अहिरवार ने बताया कि बागेश्वर धाम में 18 तारीख को सामूहिक विवाह होना थे। ये लोग चाह रहे थे कि मेरी शादी भी वहीं हो, जिसके लिए धीरेंद्र शास्त्री ने घर पर खबर भी भेजी थी, मगर हमने सामूहिक विवाह में शादी करने से मना कर दिया। इस पर शालिगराम भड़क गए। आकाश ने कहा कि आजाद भारत में हम जैसी शादी चाहेंगे वैसी करेंगे। उसने कहा कि पुलिस शालिगराम को गिरफ्तार करे और उस पर कार्रवाई करे।
उग्र आंदोलन करेंगे- भीम आर्मी
भीम आर्मी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील बैरसिया ने बताया कि 11 फरवरी को एक वीडियो वायरल हुआ था। 13 तारीख को हमारे पास यह वीडियो पहुंचा था। इसके बाद हमें पता वीडियो में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई का है। जो दलित परिवार के घर शादी में उत्पात मचा रहे हैं। वे बंदूक से फायर कर रहे थे। प्रशासन ने कार्रवाई सिर्फ एक्ट के तहत की है। पीड़ित परिवार से जानने आए हैं कि पीड़ित परिवार को डराया जा रहा है। पता चला है कि दलित परिवार के यहां का पानी भी बंद कर दिया गया है। कट्टे से फायर किया तो 307 के तहत कार्रवाई होनी थी। कट्टा से फायर करने वाले को तो तत्काल गिरफ्तार किया जाना था। हमारी मांग है कि आरोपी को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। प्रशासन पर कहीं न कहीं दबाव है। यही कारण है कि शालिगराम को गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। हम दलित ओबीसी समेत सभी संगठन के लोग मिलकर न्याय महापंचायत करेंगे। भोपाल में आपने देखा होगा 5 लाख लोग एकत्रित हुए थे।



