दिल्ली के मुख्यमंत्री बोले- 56 सवाल पूछे, हमारे पास छिपाने को कुछ नहीं: ईमानदारी के साथ कभी भी समझौता नहीं करेंगे, CBI ने केजरीवाल से साढ़े 9 घंटे पूछताछ की
नई दिल्ली डेस्क :
शराब नीति केस में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से CBI ने अपने ऑफिस में करीब साढ़े 9 घंटे तक पूछताछ की। वे रविवार सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर एजेंसी के ऑफिस पहुंचे थे। केजरीवाल रात 8.30 बजे एजेंसी ऑफिस से बाहर आए।
केजरीवाल का आरोप- वे AAP को खत्म करना चाहते हैं
केजरीवाल ने बताया कि CBI ने जितने सवाल पूछे मैंने सभी के जवाब दिए। हमारे पास कुछ छिपाने के लिए नहीं है। ये पूरा का पूरा कथित शराब घोटाला झूठ है, फर्जी है और गंदी राजनीति से प्रेरित है। AAP कट्टर ईमानदार पार्टी है। हम मर-मिट जाएंगे पर कभी अपनी ईमानदारी के साथ समझौता नहीं करेंगे। वे AAP को खत्म करना चाहते हैं लेकिन देश की जनता हमारे साथ है। लगभग 56 सवाल उन्होंने पूछे।
हिरासत में लिए गए AAP नेताओं को भी छोड़ा
केजरीवाल से पूछताछ के विरोध में प्रदर्शन कर रहे AAP के विधायकों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। रात में उन्हें छोड़ दिया गया। सभी नजफगढ़ पुलिस स्टेशन से नारेबाजी करते हुए बाहर निकले।
दिल्ली सरकार के कई मंत्री, पार्टी सांसद और पंजाब के CM भगवंत मान, केजरीवाल को CBI ऑफिस तक छोड़ने गए थे। बाद में इन नेताओं ने CBI ऑफिस के बाहर ही विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसके बाद राघव चड्ढा और संजय सिंह समेत कई नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया गया था।
उधर, दिल्ली CM केजरीवाल से CBI की पूछताछ के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के दिल्ली संयोजक गोपाल राय ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता, दिल्ली मेयर शैली ओबेरॉय और डिप्टी मेयर आले मोहम्मद इकबाल भी मौजूद रहे।
राघव चड्डा ने भाजपा को कंस कहा
AAP नेता राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल को भगवान कृष्ण और भाजपा को कंस कहा है। उन्होंने कहा कि कंस जानता था कि भगवान श्री कृष्ण उसे खत्म कर देंगे और इसलिए उसने श्री कृष्ण को नुकसान पहुंचाने के लिए कई साजिशें रचीं। इसी तरह भाजपा जानती है कि आम आदमी पार्टी उसके पतन का कारण बनेगी।
CBI ऑफिस से पहले राजघाट गए केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल सुबह CBI के ऑफिस जाने से पहले राजघाट गए। वहां उन्होंने भगवंत मान के साथ महात्मा महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले उन्होंने एक वीडियो जारी किया, जिसमें कहा कि जब कुछ गलत नहीं किया, तो छिपाना क्या।
केजरीवाल ने कहा कि ये (भाजपा) बहुत ताकतवर लोग हैं, किसी को भी जेल भेज सकते हैं, चाहे किसी ने कोई जुर्म किया हो या ना किया हो। कल से भाजपा के सारे नेता कह रहे हैं कि केजरीवाल को गिरफ्तार करेंगे। शायद BJP ने CBI को गिरफ्तारी का आदेश भी दे दिया है।
CBI ऑफिस पर एक हजार सुरक्षाकर्मी तैनात
केजरीवाल की पेशी को देखते हुए CBI ऑफिस के आसपास करीब 1000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। वहीं केंद्रीय सुरक्षा बल की तैनाती भी की गई।
उधर, भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अरविंद केजरीवाल पर भ्रष्टाचार में शामिल होने के आरोप लगाए।
शनिवार को केजरीवाल ने कहा था- फंसाने की साजिश
अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था- इन लोगों ने हमारी सरकार के दो मंत्रियों को गिरफ्तार कर लिया। उनका सोचना था कि नंबर दो (मनीष सिसोदिया) और तीन (सत्येंद्र जैन) को गिरफ्तार कर लो, ताकि वे मेरा गला पकड़ सकें। ये जबरन फंसाने की साजिश है। मैं कहना चाहता हूं कि अगर मैं बेईमान हूं तो दुनिया में कोई ईमानदार नहीं है।
कानून मंत्री बोले- केजरीवाल कोर्ट के खिलाफ भी केस करेंगे
केजरीवाल के इस बयान पर केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा- आप यह बताना भूल गए कि अगर अदालत ने आपको दोषी ठहराया तो आप कोर्ट के खिलाफ भी केस फाइल करेंगे। देश की न्यायप्रणाली पर भरोसा रखिए और कानून को अपना काम करने दीजिए।
दिल्ली शराब नीति केस में 8 महीने से एक्टिव है CBI
दिल्ली शराब नीति केस में अनियमितता को लेकर CBI ने 17 अगस्त 2022 को केस दर्ज किया था। इस मामले में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को पहले CBI ने और फिर ED ने अरेस्ट किया था। वे अभी ED की कस्टडी में हैं। उनकी जमानत पर 18 अप्रैल को सुनवाई होगी।

