मध्यप्रदेश

पूर्व मुख्यमंत्री से लिपटकर फिर रोईं ‘लाड़ली बहनें और भांजियां’: वी वॉन्ट मामा जी के नारे लगाए; भावुक शिवराज बोले- आई लव यू…

पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार से दो दिन तक अमरकंटक यात्रा पर हैं। वे बुधवार दोपहर बरगी पहुंचे। यहां रात रुके। यहां पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। वे लोगों से भी मिले। यहां ‘लाड़ली बहनें और भांजियां’ उनसे लिपटकर रोने लगीं। उन्होंने वी वॉन्ट मामा जी (हमें मामा जी चाहिए) के नारे लगाए। ये देख पूर्व CM की आंखों में भी आंसू आ गए। शिवराज ने कहा कि मामा हमेशा भांजे-भांजियों के साथ है। आई लव यू …।

शिवराज ने लोगों से कहा, ‘मैं तो आपका भाई और मामा हूं। हमेशा आपके साथ हूं। अपनी बहनों के साथ हूं। मुझे विश्वास है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश के विकास को एक नई गति मिलेगी।

शिवराज आज दोपहर अमरकंटक पहुंचेंगे। पूर्व CM अमरकंटक में मां नर्मदा उद्गम स्थल पर पूजा करेंगे। परिवार भी उनके साथ है।

शिवराज बोले- आपको छोड़कर नहीं जाऊंगा
शिवराज ने कहा कि मामा का रिश्ता प्यार का रिश्ता है। भाई-बहन का रिश्ता विश्वास का। मैं प्यार और विश्वास का रिश्ता कभी टूटने नहीं दूंगा। ये आपको विश्वास दिलाता हूं। नए मुख्यमंत्री और सरकार आपकी अपेक्षाओं को पूरा करेगी। और मैं हमेशा आपके साथ रहूंगा। आपको छोड़कर कहीं नहीं जाऊंगा। हम सब मिलकर प्रदेश को और बरगी को विकास के पद पर लेकर जाएंगे।

पौधरोपण का रुटीन जारी
शिवराज सिंह चौहान ने अपने पौधरोपण के रुटीन को जारी रखा हुआ है। आज सुबह उन्होंने बरगी डैम के पास मैकल रिजॉर्ट में पौधा रोपा। यहां से वे रानी दुर्गावती के समाधि स्थल पहुंचे। श्रद्धांजलि अर्पित की।

विधानसभा चुनाव से पहले हरिद्वार गए थे शिवराज

विधानसभा चुनाव आचार संहिता लगने और भाजपा प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी होने के बाद शिवराज सिंह चौहान देवभूमि (उत्तराखंड) पहुंच गए थे। उन्होंने सोशल मीडिया पर गंगा के किनारे बैठकर चिंतन करते हुए फोटो-वीडियो शेयर किए थे। अपनी पोस्ट में लिखा था- ‘मां गंगा भारतीय संस्कृति का पुण्य प्रवाह; यही संस्कृति भौतिकता की अग्नि में दग्ध विश्व मानवता को शाश्वत शांति के पथ का दिग्दर्शन कराएगी। सीएम के साथ पत्नी साधना और दोनों बेटे कार्तिकेय-कुणाल भी हैं।’

उत्तराखंड रवाना होने से पहले सीएम ने कहा था- मैं हरिद्वार और ऋषिकेश जा रहा हूं। दिनभर मुलाकात और चिंतन दोनों करूंगा। लौटकर चुनाव अभियान में पूरी ताकत से जाएंगे। केंद्रीय नेतृत्व को धन्यवाद।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!