मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने आखिरी सूची जारी की: आमला से मालवे को टिकट; डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे कर रही थीं दावेदारी

भोपाल डेस्क :
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी तीसरी और आखिरी लिस्ट भी जारी कर दी है। इसमें बैतूल जिले की आमला सीट से मनोज मालवे को प्रत्याशी बनाया है। AICC ने सोमवार शाम एक पत्र जारी कर इसकी घोषणा की है।

डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे कर रही थीं दावेदारी
पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि अपने पद से इस्तीफा देने वाली डिप्टी कलेक्टर निशा बांगरे को कांग्रेस यहां से प्रत्याशी बना सकती है। निशा बांगरे आमला सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी और दावेदारी कर रही थीं। बता दें कि निशा बांगरे का इस्तीफा अब तक स्वीकार नहीं हुआ है।

इससे पहले कांग्रेस दो बार में 230 सीटों में से 229 सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। केवल आमला सीट होल्ड पर थी। इस सीट पर प्रत्याशी की घोषणा के साथ ही कांग्रेस अब प्रदेश की सभी 230 सीटों पर प्रत्याशी उतार चुकी है।

कांग्रेस ने नवरात्र के पहले दिन 15 अक्टूबर को 144 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। दूसरी लिस्ट में 88 उम्मीदवारों के नाम थे। इनमें पहली लिस्ट की 3 सीटें गोटेगांव, दतिया और पिछोर से कैंडिडेट बदले गए थे।



