एमपी की राजधानी भोपाल के 200 मतदान केंद्र केवल महिलाओं के लिए: पहली बार हर विधानसभा में युवा और दिव्यांग मतदान केंद्र बनेंगे

भोपाल डेस्क :
शहर में विधानसभा चुनावों में ज्यादा-ज्यादा से मतदान कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा 4 नए बदलाव देखने को मिलेंगे। इन बदलावों का उद्देश्य सिर्फ चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाताओं को मतदान करने के लिए प्रेरित करना है। शहर में पहली बार सातों विधानसभा सीटों में एक-एक दिव्यांग और एक-एक युवा मतदान केंद्र बनेगा। दिव्यांग केंद्र पर सभी अधिकारी कर्मचारी दिव्यांग होंगे, तो युवा केंद्र पर सिर्फ 35 साल के तक कर्मचारी और अधिकारी को ड्यूटी पर लगाया जाएगा।
इतना ही नहीं शहर के 200 मतदान केंद्र पर पूरी तरह महिलाएं ही मतदान कराएंगी। हर विधानसभा में पहली बार कम से कम 10-10 मतदान केंद्र मॉडल होंगे। इनमें वोटर्स को बैठने से लेकर पीने के पानी, मोबाइल फोन चार्जिंग, बच्चों के खेलने और माताओं को बच्चों को फीडिंग कराने तक की व्यवस्था रहेगी। शहर के अब तक बनाए गए 2034 में से आधे यानी 1017 मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी लगाकर ऑनलाइन निगरानी रखी जाएगी। इसके लिए एक कंट्रोल रूम भी बनाया है। मतदान के दौरान होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
अब तक एक-एक महिला और मॉडल बूध बनते थे
कलेक्टर आशीष सिंह ने बताया कि हमारा प्रयास है कि हर मतदाता वोट करे। हर विधानसभा में वोटर्स को जागरुक करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इनमें मुख्य रूप से युवा और दिव्यांग वोटर्स को प्रेरित करना है, ताकि वे अधिक से अधिक संख्या में वोट करने निकले। हर विधानसभा में एक-एक युवा और एक-एक दिव्यांग मतदान केंद्र पहली बार बनाए जाएंगे।
इसमें प्रमुख केंद्रों को चुना जाएगा। जल्द ही उन्हें चिह्नित कर लिया जाएगा। खास बात है कि शहर में 200 मतदान केंद्र में सिर्फ महिला कर्मचारी और अधिकारी ही मतदान केंद्र पर पूरी चुनावी प्रक्रिया को पूरा कराएंगी। इनकी संख्या और भी बढ़ सकती है। हालांकि इन मतदान केंद्र पर सामान्य सभी मतदाता वोट कर सकेंगे।
पहली बार बुजुर्ग और दिव्यांग घर से कर सकेंगे वोट
भोपाल में पहली बार बुजुर्गों और दिव्यांगों को घर से वोट करने की सुविधा दी जा रही है। इसके लिए उन्हें पहले से आवेदन देना होगा। शहर में करीब 27 हजार 80 या उससे ज्यादा उम्र के और करीब साढ़े 8 हजार दिव्यांग वोटर हैं। अब तक डेढ़ हजार से ज्यादा ने घर से वोट देने के लिए आवेदन किया है।

मतदान केंद्रों पर 1 लाख मोमबत्ती लगेंगी, 50 हजार रबर बैंड और 60 हजार कलर पेन लगेंगे
भोपाल जिले के सातों विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर माचिस से लेकर मोमबत्ती और रेजर तक की जरूरत होगी। इस बार 2034 मतदान केंद्र हैं। करीब 15 केंद्र बढ़ाने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने प्रस्ताव बनाया है। ऐसे में कुल 2049 केंद्रों पर वोटिंग होगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदान के दिन उपयोग होने वाले सामान की लिस्ट तैयार की है। मतदान के दिन मतदान केंद्रों को कंट्रोल यूनिट से लेकर वीवीपीएटी, रजिस्टर, कॉपी, पिन, पेन, पेपर, रबर बैंड, रेजर, धागे जैसे 80 से ज्यादा प्रकार के सामान की जरूरत होगी। भोपाल जिले में चुनाव के दौरान 39 लाख वोटर स्लिप की जरूरत होगी, तो 50 हजार बैलेट पेपर लगेंगे। इससे पहले जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मीदवारों के लिए भी गाइड लाइन जारी कर चुके हैं।



