भोपाल

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर FIR कराने पहुंची एमपी बीजेपी: MP सरकार को 50% कमीशन वाली बताया था

भोपाल डेस्क :

मध्यप्रदेश भाजपा ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच में आवेदन देकर FIR की मांग की है। मामला प्रियंका के मध्यप्रदेश सरकार को 50% कमीशन वाली सरकार बताने वाले ट्वीट से जुड़ा है।

क्राइम ब्रांच में आवेदन देने पहुंचे प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, ‘मप्र में चुनाव आते ही कांग्रेस रोज झूठ का सहारा ले रही है।’ BJP प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी, विधायक रामेश्वर शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी भी मौजूद रहे।

इंदौर में भी प्रियंका गांधी वाड्रा और PCC चीफ कमलनाथ के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है। भाजपा के नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे के नेतृत्व में विधि प्रकोष्ठ ने ​​​​​​संयोगितागंज थाना और ईओडब्ल्यू विभाग से शिकायत की है। इसमें प्रियंका पर ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से एक पत्र के जरिए भ्रामक ट्वीट करने का आरोप लगाया गया है।

कथित तौर पर ठेकेदार संघ ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की ग्वालियर बेंच के मुख्य न्यायाधीश को लेटर लिखकर 50% कमीशन मांगे जाने की शिकायत की है। कांग्रेस नेताओं के साथ प्रियंका गांधी ने इस लेटर को ट्वीट कर शिवराज सरकार को घेरा है। उन्होंने लिखा, ‘मध्यप्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को हटाएगी।’

इससे पहले प्रियंका के इसी ट्वीट पर BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने लीगल एक्शन लेने की बात कही थी। उन्होंने कहा था, ‘दिग्विजय सिंह और कमलनाथ ने अपने केंद्रीय नेतृत्व से भी झूठ बुलवा दिया।’

प्रियंका गांधी ने ट्वीट में क्या लिखा

प्रियंका गांधी ने शुक्रवार शाम ट्वीट किया। इसमें लिखा, ‘मध्यप्रदेश में ठेकेदारों के संघ ने हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर शिकायत की है कि प्रदेश में 50% कमीशन देने पर ही भुगतान मिलता है। कर्नाटक में भ्रष्ट BJP सरकार 40% कमीशन की वसूली करती थी। मध्यप्रदेश में BJP भ्रष्टाचार का अपना ही रिकॉर्ड तोड़कर आगे निकल गई है। कर्नाटक की जनता ने 40% कमीशन वाली सरकार को बाहर किया, अब मध्यप्रदेश की जनता 50% कमीशन वाली भाजपा सरकार को सत्ता से हटाएगी।’

वीडी शर्मा बोले- कांग्रेस ने फर्जी पत्र जारी कर झूठ बोला

BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भोपाल में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, ‘कल कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में एक व्यूह रचना के तहत बड़ा झूठ बोला। एक फर्जी पत्र जारी कर, एक तथाकथित किसी ठेकेदार और कोई एसोसिएशन के नाम से झूठा पत्र जारी किया।’

उन्होंने कहा, ‘मैं हमेशा से कहते आया हूं कि मध्यप्रदेश के अंदर मिस्टर बंटाधार दिग्विजय सिंह और मिस्टर करप्टनाथ कमलनाथ झूठ बोलने की मशीन हैं। कल तो इन्होंने झूठ बोलने का रिकॉर्ड बनाने का काम किया है। केंद्रीय नेतृत्व में चाहे प्रियंका गांधी हों, राहुल गांधी हों, इनसे झूठे पत्र के आधार पर ट्वीट कराया। यह कांग्रेस का वास्तविक चरित्र है।’

BJP प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, ‘इस साइबर क्राइम के खिलाफ भाजपा कड़ा एक्शन लेगी। प्रियंका गांधी को जवाब देना पड़ेगा कि यह पत्र कहां से आया। झूठे पत्र के आधार पर आपने देश को गुमराह किया है। पहले आपके भाई से झूठ बुलवाकर दिग्विजय-कमलनाथ ने झूठा साबित कर दिया। अब आपको भी आज उन्होंने झूठा साबित कर दिया। कांग्रेस के नेतृत्व को जवाब देना पडे़गा। हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।’

कमलनाथ का जवाब- प्रदेश में बीजेपी का खुलासा हो रहा है

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सीएम कमलनाथ ने कहा- आज बीजेपी को सब कुछ याद आने लगा, पर वो सोचते हैं कि जनता का ध्यान मोड़ लेंगे, जनता को गुमराह कर पाएंगे, तो जनता ने ये तय कर लिया है कि इस बार शिवराज सिंह जी को बड़े प्यार से विदा करेंगे।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!