न्यूज़ डेस्क

कांग्रेस ने इंदौर में कैलाश का पुतला फूंका: विजयवर्गीय के शूर्पणखा वाले बयान पर प्रदर्शन, भोपाल में धरने पर बैठीं महिला कार्यकर्ता

न्यूज़ डेस्क :

लड़कियों के पहनावे पर बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान को लेकर कांग्रेस बीजेपी पर हमलावर हो गई है। कांग्रेस इसे महिलाओं का अपमान बताकर माफी की मांग की है। महिला कांग्रेस ने इंदौर में विजयवर्गीय का पुतला फूंका है, जबकि भोपाल में उनके विधायक बेटे आकाश विजयवर्गीय के बंगले पर प्रदर्शन किया है। महिला कांग्रेस की नेता बेशरम के फूल लेकर वहां पहुंची थीं।

दरअसल कैलाश विजयवर्गीय ने कहा था कि लड़कियां इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं। शुक्रवार को उनका एक वीडियो सामने आया था जिसमें वे लड़कियों को अच्छे और ढंग के कपड़े पहने की नसीहत देते दिख रहे हैं। हालांकि बाद में सफाई देते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि पूरा बयान कोई नहीं बता रहा, एक हिस्से को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं।

कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि बीजेपी ने महिलाओं के अपमान और उत्पीड़न करने की कसम खा ली है। कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने विजयवर्गीय के बयान पर कहा कि भाजपा के नेताओं के ऐसे बयान भाजपा की संस्कृति को दर्शाते हैं। भाजपा का यही रुख है। मैं चाहता हूं कि जनता इस पर बहस करें। वहीं प्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर विजयवर्गीय के बचाव में उतरी है। उन्होंने कहा कि हमारे वस्त्र इतने शालीन और सभ्य होने चाहिए कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर हमें देखकर किसी के भी मन में कोई दुर्भावना जन्म ना ले।

वीडियो में ये कहते नजर आए थे विजयवर्गीय

‘मैं आज भी जब निकलता हूं, पढ़े-लिखे नौजवानों, बच्चों को झूमते हुए देखता हूं तो सच में ऐसी इच्छा होती है कि पांच-सात ऐसी दूं कि उनका नशा उतर जाए। सच कह रहा हूं, भगवान की कसम। हनुमान जयंती पर झूठ नहीं बोलूंगा। लड़कियां भी इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि… अपन महिलाओं को देवी बोलते हैं। उनमें देवी का स्वरूप ही नहीं दिखता। बिल्कुल शूर्पणखा लगती है। सच में अच्छा सुंदर भगवान ने शरीर दिया है। जरा अच्छा कपड़ा पहनो यार। बच्चों में आप संस्कार डालिए। मैं बहुत चिंतित हूं।

वीडियो बुधवार का था। जब वे इंदौर के एयरपोर्ट रोड स्थित महावीर बाग में एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वे भगवान महावीर और हनुमान जी के व्यक्तित्व को लेकर अपनी बात कह रहे थे। उन्होंने कहा कि इंदौर हर बात में नंबर वन है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे इस देश के भविष्य हैं। यदि उनका आचरण मर्यादित और संतुलित होगा तो राष्ट्र निर्माण में उनका स्वर्णिम योगदान हो सकेगा। लेकिन अगर वे नशे के शिकार होंगे तो किस तरह का राष्ट्र बनेगा, यह सहज सोचा जा सकता है।

कैलाश बोले- तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे बयान
कैलाश विजयवर्गीय ने सफाई दी कि पूरा बयान कोई नहीं बता रहा, उसे तोड़-मरोड़कर पेश कर रहे हैं। रास्ते में छोटे कपड़ों और नशे में धुत्त लड़की तमाशा कर रही थी। उसे क्या कहा जाए, वह शूर्पणखा जैसी ही लगेगी। लड़कियों को उनकी पसंद के कपड़े पहनने का अधिकार है और हम तो बेटियों को देवी जैसा ही मानते हैं, लेकिन जो सब मैंने देखा, वह शहर की संस्कृति से मेल नहीं खाता। पूरा शहर इन चीजों को लेकर चिंतित है।

बीजेपी ने महिलाओं के अपमान की कसम खा ली: कमलनाथ

लड़कियों के पहनावे पर कैलाश विजयवर्गीय के बयान को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ बीजेपी को घेरा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने महिलाओं का अपमान और उत्पीड़न करने की कसम खा ली है। कमलनाथ ने एक ट्वीट में एमपी में तीन-चार दिनों के भीतर हुई दो-तीन घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान करना, उनका उत्पीड़न करना और उनके बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करना भाजपा की पहचान बनता जा रहा है।

​​​पूर्व मंत्री साधौ बोलीं- महिलाओं पर राजनीति कर रही बीजेपी

पूर्व मंत्री विजयलक्ष्मी साधो ने कहा- कैलाश विजयवर्गीय ने निम्नस्तरीय शब्दों का उपयोग किया है। ये बीजेपी के हर नेता के मुंह से निकले शब्द हैं। महिलाओं के प्रति बीजेपी की धारणा ऐसे ही निकलकर सामने आती है। पहले हिंदू-मुस्लिम पर सियासत करने वाली बीजेपी अब महिलाओं पर भी राजनीति कर रही है। बीजेपी के नेताओं के अकसर लड़कियों पर बयान सामने आते हैं। इन बयानों का 2023 में जनता जवाब देगी। विजयवर्गीय के इस बयान की जितनी निंदा की जाए कम है।

महिला कांग्रेस ने विजयवर्गीय का पुतला फूंका

इंदौर में राजवाड़ा पर शनिवार शाम 5 बजे महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय का पुतला फूंका। हालांकि इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पुतला दहन को लेकर काफी देर तक खींचतान भी चली। इसके चलते पुतला दो-तीन हिस्सों में फट गया। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता पुतले में आग लगाने में कामयाब रहीं। हालांकि पुलिस ने भी तत्परता दिखाते हुए पुतले पर पानी डालकर आग बुझा दी।

सनातन परंपराओं का पालन नहीं करने वाला राक्षसी वृत्ति का द्योतक: उषा ठाकुर

विजयवर्गीय के बचाव में उतरी मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि देश में जिस तरह से पाश्चात्य संस्कृति हावी हो रही है, इसे आप और हम सभी नित्य-प्रतिदिन देख रहे हैं। मैं बार-बार जो निवेदन करती हूं कि यदि सभी समस्याओं का हल कहीं है, तो वह वैदिक जीवन पद्धति में है। सत्य सनातन परंपराओं में है। आप जरा वेदों को उठाकर पढ़िए तो।

आगे उन्होंने कहा- हमारे वस्त्र कैसे हों? हमारा रहन-सहन कैसा हो? हमारे वस्त्र इतने शालीन और सभ्य होने चाहिए कि किसी भी सार्वजनिक स्थान पर हमें देखकर किसी के भी मन में कोई दुर्भावना जन्म ना ले। यदि कोई वैदिक, सत्य, सनातन परंपराओं का पालन नहीं कर रहा, उसके विपरीत दिशा में जाता है तो वो राक्षसी वृत्ति का द्योतक कहलाएगा। हमारी संस्कृति सदैव सात्विकता के विस्तार पर जोर देती है कि हम संस्कारवान होकर सात्विकता का वातावरण तैयार करें।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!