इंदौर

इंदौर में ढहाए गए बेलेश्वर मंदिर की जमीन पर हनुमान चालीसा सामूहिक पाठ किया: फिर से मंदिर बनाने के लिए अड़ी संघर्ष समिति, कल क्षेत्र के बाजार रखेंगे बंद

इंदौर डेस्क :

इंदौर में बेलेश्वर महादेव मंदिर को फिर से बनाए जाने के लिए आंदोलन शुरू हो गया है। इसके लिए गुरुवार को हनुमान जयंती पर हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। लोग इस मांग को मनवाने के लिए कल कलेक्टोरेट तक पैदल मार्च निकालेंगे। सिंधी कॉलोनी क्षेत्र का बाजार भी आधा दिन बंद रहेगा। ध्यान रहे कि नवरात्रि में चल रहे हवन की पूर्णाहुति के दौरान मंदिर की बावड़ी में गिरने से 36 लोगों की मौत हो गई थी। यह बावड़ी करीब 40 साल पहले स्लैब डालकर ढंक दी गई थी। स्लैब टूटकर धंसने से उस पर खड़े लोग बावड़ी में डूब गए थे। हादसे के बाद आनन-फानन में प्रशासन ने मंदिर को सील कर दिया। मूर्तियां अन्यत्र रखवाकर पूरा ढांचा जेसीबी से ढहा दिया था। लोग इसी जगह पर फिर से मंदिर बनवाना चाहते हैं।

मंदिर को फिर से बनवाने के लिए बेलेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र के रहवासियों ने एक संघर्ष समिति बना ली है। इसी ने आज हनुमान चालीसा का पाठ किया। समिति से जुड़े रहवासियों ने मंदिर की जमीन पर हनुमानजी की तस्वीर रख पाठ किया। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। विशेष जिला पुलिसबल के अफसरों को थाने के फोर्स के साथ तैनात कर दिया गया। हालांकि आयोजन के बाद पुलिस फोर्स लौट गया।

कल बड़ा आंदोलन, आरोप है कि प्रशासन ने षड़यंत्र करके मंदिर ढहाया

शुक्रवार को रहवासी कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालेंगे। इस दौरान कलेक्टर इलैया राजा टी को ज्ञापन दिया जाएगा। इसके साथ ही सिंधी कॉलोनी और आसपास के इलाके में आधा दिन दुकानें बंद रखने का भी निर्णय लिया गया है। रहवासियों का आरोप है कि श्री बेलेश्वर महादेव मंदिर परिसर (पटेल नगर) को इंदौर प्रशासन ने षड़यंत्रपूर्वक तोड़ा है। इसी की सद्बुद्धि के लिए आज हनुमान चालीसा का पाठ किया ताकि अफसर और नेताओं को भगवान सद्बुद्धि दे और मंदिर फिर से बन सके।

आयोजन में काफी संख्या में मंदिर से जुड़े लोग और रहवासी यहां पहुंचे थे। काफी देर बाद पुलिस को यहां भीड़ इकट्‌ठा होने की जानकारी लगी थी जिसके बाद थाने से बल भेजा गया।

कलेक्टर को देंगे ज्ञापन
सिंधी समाज के लोग शुक्रवार को यहां फिर से इकट्‌ठा होकर सुबह 10 बजे से कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालेगें। रहवासियों ने बताया कि वह यहां अपना विरोध दर्ज करेंगे और कलेक्टर महोदय को ज्ञापन देगें। इस दौरान आसपास के रहवासियों से इकट्‌ठा होकर साथ चलने का अनुरोध भी किया जा रहा है।

आधा दिन व्यवसाय भी रहेगा बंद
संघर्ष समिति से जुड़े गोपाल कोडवानी ने इस दौरान कहा कि कलेक्टर को ज्ञापन देने के साथ आधा दिन इलाके के सिंधी समाज और संघर्ष समिति से जुड़े लोग अपना व्यवसाय भी विरोध स्वरूप शुक्रवार को बंद रखेगे। दोपहर बाद इसे वापस खोला जाएगा। जिसे लेकर व्यापारियों ने भी सहमति जाहिर की है।

News Update 24x7

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!