मध्यप्रदेश

रील बनाने के लिए फांसी लगाकर तड़पने की एक्टिंग कर रहा था, दम घुटने से बच्चे की गई जान

न्यूज़ डेस्क :

मुरैना में 7वीं कक्षा में पढ़ने वाला एक छात्र गले में फंदा डालकर रील बना रहा था। जिससे उसकी मौत हो गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।

घटना अंबाह की है। मृतक बच्चे का नाम करन परमार (उम्र 11 साल) पिता रवि परमार है। करन शनिवार शाम करीब 5.40 बजे लेन रोड पर खाली पड़े प्लाट पर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।

खेल-खेल में चली गई बच्चे की जान

वीडियो में दिख रहा है कि प्लाट पर शीशम के पेड़ पर फंदा लगा है। करन गले में फंदा लगाकर तड़पने की एक्टिंग करता दिख रहा है। जबकि कोई बच्चा उसका वीडियो बना रहा है। इसी दौरान करन का दम घुटने लगता है। वह सही में तड़पने लगता है। लेकिन वीडियो बनाने वाले और वहां खेल रहे अन्य बच्चों को लगता है कि वह एक्टिंग ही कर रहा है।

देखते ही देखते करन बेसुध हो गया। ये देखकर बच्चे उसके पास पहुंचे। उन्होंने देखा कि वह कोई हलचल नहीं कर रहा है। जिसके बाद बच्चे वहां से भाग जाते हैं। वीडियो बनाने वाला बच्चा भी मोबाइल वहीं छोड़कर चला जाता है।

परिजन अस्पताल ले गए, तब तक देर हो चुकी थी

घटना की जानकारी लगते ही करन के परिजन मौके पर पहुंचे। वे उसे फंदे से उताकर सीधे अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना की सूचना पर अंबाह पुलिस भी सिविल अस्पताल पहुंचीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएम हाउस में रखवाया गया है। रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।

स्कूल से लौटकर खेलने चला गया था नाबालिग

मृतक करन परमार 7वीं कक्षा में पढ़ता था। शनिवार को वह स्कूल से आने के बाद सीधे लेन रोड स्थित अपने घर के सामने खाली पड़े प्लाट पर खेलने चला गया था। बताया जा रहा है कि वह नींव के ऊपर उठाई गई दीवार पर खड़ा होकर गले में फंदा डालकर वीडियो बनवा रहा था। तभी उसका पैर फिसलने से रस्सी खींच गई। जिससे बच्चे का दम घुट गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!