भोपाल

मुख्यमंत्री बोले-चलो मैं सस्पेंड करता हूं: शिवराज का ‘फैसला ऑन द स्पॉट’; खरगोन में DEO-CMO निलंबित (वीडियो देखें)

भोपाल डेस्क :

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का ‘सस्पेंड ऑन द स्पॉट’ अभियान जारी है। सीएम शिवराज सिंह ने बुधवार को एक बार फिर मंच से ही दो अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया। सीएम जनसेवा अभियान के संभाग स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने खरगोन पहुंचे थे। यहां नवग्रह मेला मैदान पर हुई सभा में उन्होंने मंच पर घूम-घूमकर संबोधित किया।

सीएम शिवराज सिंह ने मंच से कहा – जिला शिक्षा अधिकारी की कई शिकायतें मिली हैं। क्या करना चाहिए, सस्पेंड कर दूं, चलो उन्हें मैं सस्पेंड करता हूं। एक बात मुझे पता चली है। लाभार्थियों के लिए पैसे भेजे गए थे। दो लोगों की साइन के बाद रुपए निकालने थे, लेकिन सीएमओ ने अकेले ही निकालकर रख लिए। इसलिए उन्हें भी सस्पेंड करता हूं।

गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा: CM
सीएम ने कहा- अब सरकार भोपाल से नहीं, गांव की चौपाल से चलेगी। गड़बड़ी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी केके डोंगरे की बहुत शिकायतें आ रही हैं। उन्हें मंच से ही सस्पेंड करता हूं। भीकनगांव नगर पंचायत सीएमओ मोहन लाल अलावा को भी निलंबित कर रहा हूं। मैं अच्छा काम करने वाले को पुरस्कृत भी करूंगा। 6 अप्रैल से गांव-गांव अधिकारी-कर्मचारी शिविर लगाकर जनता समस्या का निराकरण करेंगे।

पूर्व विधायक ने लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप
पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन ने जिला शिक्षा अधिकारी और डीपीसी के पद पर पदस्थ केके डोंगरे पर 9 करोड़ रुपए के भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। उन्होंने इसकी शिकायत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से की है। शिकायत की प्रति स्कूल शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार, राज्य शिक्षा केंद्र के संचालक धनराजू एस, कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम एवं जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी ज्योति शर्मा को भी दी है। उन्होंने शिकायत में कहा था कि सर्व शिक्षा अभियान के तहत सरकार स्कूलों में छात्रों के लिए हर साल खेल सामग्री, स्कूल की मरम्मत, रंगाई पुताई, स्टेशनरी, फर्नीचर आदि के लिए करोड़ों रुपए की कंटीजेंसी (शाला आकस्मिक निधि) राशि देती है। यह राशि स्कूल में दर्ज स्टूडेंट्स के मान से दी जाती है। खरगोन जिले के सभी ब्लॉक की 2463 प्राइमरी और 826 मिडिल स्कूलों में बीआरसी (विकासखंड स्त्रोत समन्वयकों) ने फर्जी बिल लगाकर इन राशियों का आहरण कर लिया है। मुश्किल से जिले की 20 प्रतिशत स्कूलों में राशि का भुगतान हुआ है।

खरगोन में शांति बनी रहे, गड़बड़ किसी कीमत पर नहीं चलेगी: CM
सीएम ने कहा- 15 लाख लोगों को अलग-अलग योजनाओं का लाभ संभागीय कार्यक्रम के माध्यम से मिलेगा। खरगोन में शांति बनी रहे, गड़बड़ किसी भी कीमत पर नहीं चलेगी। विकास की पहली शर्त है शांति। बेटियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मासूम से दुराचार करने वालों को फांसी के फंदे पर लटकाया जाएगा। बेटियों का अपमान करने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। ऐसे लोगों के मकानों पर बुलडोजर भी चलाया जाएगा।

लोकतंत्र में जनता असली मालिक
लोकतंत्र में जनता असली मालिक है। इस बात को सांसद, मंत्री, अधिकारी, कर्मचारी अच्छी तरह समझ लें। जनता दफ्तर का चक्कर नहीं लगाएगी। अधिकारी जनता की समस्या का हल करेंगे। कलेक्टर से सीधे मंच पर बातचीत की जा रही है। योजनाओं के लाभार्थियों के हाथों में स्वीकृति पत्र दिया जा रहे हैं। खरगोन जनपद में 98% हितग्राहियों के कार्ड बनाए गए। उन्होंने जनपद सीईओ राजेंद्र शर्मा को आयुष्मान कार्ड के काम को बेहतर तरीके से करने पर मंच पर ही सम्मानित किया।

207 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

सीएम ने हितग्राहियों को हितलाभ वितरित करते हुए 684.54 लाख रुपए के कुल 207 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया। इसमें 400.27 लाख के लोकार्पण और 284.27 लाख रुपए भूमि पूजन के विकास कार्य शामिल है। साथ ही जनसेवा अभियान के तहत 38 विभिन्न योजनाओं में पात्र पाए गए। इंदौर संभाग के कुल 15 लाख 33 हजार 914 हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री और विधायक के साथ ही 8 जिलों से 50 अधिक हितग्राही शामिल हुए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!